मुंगेर : मुख्यमंत्री ने ढोल पहाड़ी पर्यटन परियोजना का किया शिलान्यास,12 करोड़ की लागत से होगा तैयार
मुंगेर:बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने असरगंज प्रखंड स्थित ढोल पहाड़ी को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. मुख्यमंत्री ने ढोल पहाड़ी पर्यटन परियोजना का शिलान्यास किया है. यह महत्वाकांक्षी योजना लगभग 12 करोड़ 49 लाख रुपये की लागत से तैयार की जाएगी. इस सौगात के बाद से क्षेत्र में खुशी का माहौल है और लोगों ने सरकार के इस फैसले का स्वागत किया है.
पर्यटन को बढ़ावा देना सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के ऐतिहासिक और प्राकृतिक स्थलों को विकसित कर पर्यटन को बढ़ावा देना सरकार की प्राथमिकता है. ढोल पहाड़ी के विकास से स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे और क्षेत्र की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी.
ढोल पहाड़ी को मिलेगी नई पहचान
असरगंज प्रखंड के ऐतिहासिक और प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर ढोल पहाड़ी को अब पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान मिलने जा रही है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विधिवत पूजा-अर्चना और फीता काटकर परियोजना का शिलान्यास किया. इस मौके पर कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे. बता दें कि 12 करोड़ 49 लाख रुपये की लागत से यहां पर्यटन सुविधाओं का विकास किया जाएगा.परियोजना के तहत सड़क, सौंदर्यीकरण, पार्क, बैठने की व्यवस्था, लाइटिंग, पेयजल, शौचालय और पर्यटकों के लिए अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी.