मुंगेर
शिवपुर लोगाय गांव में पहली बार ड्रोन तकनीक से धान की फसल में छिड़काव
मुंगेर: जिले के हवेली खड़गपुर में अब खेती भी हाईटेक होती नजर आ रही है। गोबड्डा पंचायत के शिवपुर लोगाय गांव में पहली बार ड्रोन तकनीक से धान की फसल में पौधा संरक्षण दवा का छिड़काव किया गया। कुल 14 एकड़ खेत में ड्रोन के जरिए दवा का समान रूप से छिड़काव हुआ। कृषि विभाग की इस पहल से किसानों को कम समय और कम श्रम में बड़े क्षेत्रफल में दवा का छिड़काव करने का नया तरीका मिला है।
शिवपुर लोगाय गांव में अनुमंडल कृषि पदाधिकारी विपुल विप्लव की मौजूदगी में कृषि विभाग के अधिकारियों और कर्मियों ने ड्रोन से खेतों में पौधा संरक्षण दवा का छिड़काव कराया। किसान अनिल कुमार सिंह के आठ एकड़ और कर्मलता देवी के छह एकड़ खेत में ड्रोन तकनीक का इस्तेमाल किया गया। खेतों के ऊपर उड़ता ड्रोन और उससे होता दवा का छिड़काव ग्रामीण किसानों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा।
इस दौरान कृषि कर्मियों ने किसानों को धान में कीट एवं रोग की पहचान, नियंत्रण के उपाय और अनुशंसित मात्रा में कीटनाशी के इस्तेमाल की जानकारी दी। कृषि विभाग का कहना है कि आधुनिक तकनीक के जरिए फसल को कीट और रोग से बचाने के साथ उत्पादन और उत्पादकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। शिवपुर लोगाय में ड्रोन का इस्तेमाल ग्रामीण क्षेत्रों में हाईटेक खेती की ओर बढ़ते कदम का संकेत है।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।