मुंगेर : नीट परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट,प्रवेश से पहले कई स्तर पर हुई सघन जांच
मुंगेर:जिले में नीट परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड पर है. जिले के तीन परीक्षा केंद्रों पर नीट की परीक्षा शुरू हो चुकी है. परीक्षा को कदाचार मुक्त और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले कई स्तर की सघन जांच प्रक्रिया से गुजरना पड़ रहा. वहीं, पेपर लीक जैसी किसी भी आशंका को रोकने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और वरीय पदाधिकारी लगातार परीक्षा केंद्रों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं.
नीट परीक्षा कदाचार मुक्त आयोजित के लिएप्रशासनमुस्तैद
मुंगेर में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा यानी नीट को कदाचार मुक्त एवं शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है. जिले में इस बार तीन परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं,जिनमें राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज मुंगेर, बैजनाथ राजकीय बालिका प्लस टू विद्यालय और केंद्रीय विद्यालय जमालपुर शामिल हैं. इन केंद्रों पर 3,828 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए हैं. परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की गई है.
प्रतिबंधित सामानों पर पूरी तरह रोक
परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच की जा रही है. इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, मोबाइल, ब्लूटूथ और अन्य प्रतिबंधित सामानों पर पूरी तरह रोक लगाई गई है. पेपर लीक और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोकने के लिए प्रशासन ने विशेष निगरानी व्यवस्था की है. जिला के वरीय अधिकारी खुद परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं और लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं ताकि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके.