Jharkhand News
मोबाईल के गलत लत ने ले ली नाबालिग कि जान, ब्लाइंड मर्डर केस में चौकाने वाला खुलासा
जंगल में पहले दिखाया पोर्न वीडियो,विरोध करने पर सामूहिक दुष्कर्म कर उतारा मौत के घाट
चतराः जिले के लावालौंग थाना क्षेत्र के जंगल में नाबालिग युवती की फांसी से लटकती मिली लाश के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। युवती ने आत्महत्या नहीं की थी,बल्कि उसकी हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया गया था,ताकि घटना को आत्महत्या का रूप दिया जा सके। इस मामले में पुलिस ने पांच नाबालिग आरोपियों को निरुद्ध किया है। सभी आरोपी लावालौंग थाना क्षेत्र के ही रहने वाले हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने बताया कि विगत 16 अक्टूबर को पुलिस को सूचना मिली थी कि लावालौंग थाना क्षेत्र की एक नाबालिग युवती ने जंगल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची,तो घटनास्थल और परिस्थितियां संदिग्ध प्रतीत हुईं। इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए चतरा एसडीपीओ सन्नी वर्धन के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई।
जांच में सामने आई हत्या की साजिश
उन्होंने बताया कि एसआईटी ने मामले की जांच शुरू की,तो कई चौकाने वाले मामले सामने आए। नाबालिग प्रेमी जोड़े जंगल में मिलने की योजना बनाकर वहां पहुंचे थे। इनमें तीन युवक और तीन युवतियां शामिल थीं। पुलिस की जांच में सामने आया कि वहां मोबाइल पर पोर्न वीडियो देखने के बाद युवकों ने वीडियो में दिखाए गए तरीके से संबंध बनाने की कोशिश की। इसी दौरान मृतका ने इसका विरोध किया और संबंध बनाने से इंकार करते हुए वहां से जाने लगी। मौके पर मौजूद तीन नाबालिग युवकों ने युवती को पकड़ लिया और उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। इसके बाद उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी गई। घटना को आत्महत्या का रूप देने के उद्देश्य से शव को पेड़ से लटका दिया। पुलिस ने जांच के आधार पर इस मामले में तीन युवकों समेत पांच नाबालिगों को निरुद्ध किया है।
अभिभावकों से बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने की अपील
एसपी अनिमेष नैथानी ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर ध्यान दें। बच्चे किन लोगों से मिलते हैं,कहां जाते हैं और इंटरनेट पर किस तरह की सामग्री देखते हैं,इसकी जानकारी रखें। उन्होंने मोबाइल के इंटरनेट ब्राउजर और बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर भी निगरानी रखने की अपील की है। साथ ही कहा है कि अगर जरूरत ना हो तो बच्चों को मोबाइल किसी भी सूरत में ना दें। एसपी ने कहा कि बच्चों को सुरक्षित इंटरनेट इस्तेमाल,गलत संगति और अनुचित गतिविधियों के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना जरूरी है।
चतरा से संजय की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।