Live

लालू ने नहीं कहा 'मुड़ी कटवा'..BJP की साजिश

माले महासचिव का बड़ा बयान, कहा : I.N.D.I.A गठबंधन को माले की सबसे अधिक जरूरत

P
Prasoon Pandeyलेखक

PATNA : 'बिहार बदलो न्याय यात्रा' के तहत 11 दिन पैदल चलकर राजधानी पटना पहुंचे माले के महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य ने विधानसभा चुनाव के लिए अपना एजेंडा साफ कर दिया है। उन्होंने दो टूक अंदाज में कहा कि 2025 में होने वाला विधानसभा चुनाव नफरत पर नहीं बल्कि शिक्षा, रोजगार और सुशासन के मुद्दे पर जनता वोट करेगी।

इसके साथ ही दीपंकर भट्टाचार्य ने झारखण्ड चुनाव में भी 5 सीट पर लड़ने की बात कही, जिसमें चार सीट पक्की है और एक पर बात चल रही है। साथ ही बीजेपी के फायरब्रांड नेता गिरिराज सिंह की हिन्दू स्वाभिमान यात्रा पर दीपंकर भट्टाचार्य ने दो टूक अंदाज में कहा कि गिरिराज सिंह की यात्रा समाज में नफरत फैलाने के लिए की जा रही है।

गौरतलब है कि 16 अक्टूबर को नवादा से शुरू हुई 'बिहार बदलो न्याय यात्रा' रविवार को पटना पहुंची। पटना के मिलर हाईस्कूल के मैदान में हजारों कार्यकर्ताओं के सामने 'बदलो बिहार न्याय सम्मेलन' का आयोजन किया गया। मगध जोन की पदयात्रा का नेतृत्व करने वाले दीपंकर भट्टाचार्य ने कहा कि हम 11 दिन लगातार पैदल चलकर आज पटना पहुंचे हैं। नवादा में जिस तरीके से दलितों पर अत्याचार किया गया इसलिए हमने इस न्याय यात्रा की शुरुआत नवादा से ही की थी।

आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव द्वारा माले को कथित तौर पर 'मुड़ी कटवा' पार्टी करार दिए जाने पर दीपंकर भट्टाचार्य ने इसे भाजपा की साजिश करार दिया और कहा कि इस वक्त I.N.D.I.A गठबंधन को माले की सबसे अधिक जरूरत है। लोकसभा चुनाव में भी जहां माले साथ थी, वहां का रिजल्ट सबके सामने है इसलिए लालू प्रसाद यादव जैसे नेता ऐसा कोई बयान नहीं दे सकते। यह बीजेपी का झूठा एजेंडा है।

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें