मेदिनीनगर बस स्टैंड रोड गोलीकांड का खुलासा : पुलिस ने घटना में संलिप्त 5 आरोपी युवकों को दबोचा
पलामू : बड़ी खबर पलामू से है जहां मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र अंतर्गत बस स्टैंड रोड स्थित नगर पालिका मार्केट में हुए चर्चित गोलीकांड का पुलिस ने उद्भेदन कर लिया है. पुलिस ने मामले में 5 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं हथियार व नगद बरामद किए गए हैं.
बताया जा रहा है कि पलामू के कुंद मोहल्ला निवासी मो० समीर उर्फ गुड्डू की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. मामले में पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन के निर्देश पर एडीपीओ राजीव रंजन एवं थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार के नेतृत्व में टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई की गई. गुप्त सूचना के आधार पर पांकी थाना क्षेत्र के टईया के पास छापेमारी की गई. पुलिस टीम को देखते ही अभियुक्तों ने फायरिंग शुरू कर दी,जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई की. इस दौरान मुख्य अभियुक्त फैज खान के पैर में गोली लगी,जिसे तत्काल सदर अस्पताल मेदिनीनगर में भर्ती कराया गया. छापेमारी के दौरान दो अन्य अभियुक्त आदर्श कुमार उर्फ धोनी एवं तारिक साह उर्फ मुन्नान साह को खदेड़कर गिरफ्तार किया गया,जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया. वहीं इसराईल आजाद उर्फ मिंटू डाला एवं शहजाद आलम उर्फ विक्की राइन को भी गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस ने अभियुक्त फैज खान के पास से एक देशी पिस्टल,एक जिंदा गोली और एक खोखा बरामद किया है. वहीं आदर्श उर्फ धोनी के पास से एक लोडेड पिस्टल,दो जिंदा गोलियां एवं एक बाइक बरामद की गई है. तारिक उर्फ मुन्नान के पास से 39,400 रुपये नकद भी बरामद हुए हैं. जांच में सामने आया है कि मृतक समीर उर्फ गुड्डू वर्ष 2012 में हुए लड्डू खान हत्याकांड का गवाह था. साथ ही यह भी खुलासा हुआ कि सभी आरोपी जमीन के कारोबार से जुड़े हैं और आपसी पार्टनरशिप विवाद में मिंटू डाला एवं बिक्की राइन ने समीर की हत्या के लिए फैज खान को 2 लाख रुपये की सुपारी दी थी.
एसपी रीष्मा रमेशन ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 16 घंटे के भीतर पूरे मामले का उद्भेदन कर लिया है. उन्होंने कहा कि फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
पलामू से नितेश तिवारी की रिपोर्ट--