मुजफ्फरपुर अस्पताल से युवती अगवा
मोतिहारी में दुष्कर्म करने का आरोप,आरोपी गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर:एसकेएमसीएच अस्पताल से एक युवती को बहला-फुसलाकर अगवा करने और मोतिहारी ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक सोनू सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने युवती को उसके पिता के ससुराल की ओर से आने की बात कहकर भरोसे में लिया और कुछ पैसे देने का झांसा भी दिया। इसके बाद वह युवती को अपने साथ मोतिहारी ले गया।
जानकारी के मुताबिक,युवती 19 सितंबर को एसकेएमसीएच परिसर से गायब हुई थी। अगले दिन उसके पिता ने एसकेएमसीएच ओपी में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक युवक युवती को अपने साथ ले जाता दिखाई दिया। इसके बाद मुजफ्फरपुर एसएसपी के निर्देश पर जांच टीम गठित की गई।
पुलिस ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की। इसके बाद टीम ने मोतिहारी के छतरौनी थाना क्षेत्र में कार्रवाई कर युवती को बरामद किया। पुलिस का आरोप है कि आरोपी ने युवती को किराये के कमरे में बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक,आरोपी टीबी के इलाज के लिए एसकेएमसीएच आया था और अस्पताल में भर्ती था। इसी दौरान उसकी युवती से पहचान हुई। पीड़िता सीतामढ़ी जिले की रहने वाली बताई जा रही है।
बिहार से वरिष्ठ संवाददाता संजय कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।