माओवादी संगठन को बड़ा झटका : लातेहार पुलिस ने 10 लाख का इनामी नक्सली मृत्युंजय भुइंया उर्फ अवधेश जी समेत 2 नक्सली को दबोचा

Edited By:  |
Reported By:
maowadi sangathan ko bada jhatka

लातेहार : इस वक्त की बड़ी खबर लातेहार से है जहां जिला को नक्सल मुक्त कराने की ओर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए माओवादी के टॉप नक्सली,जोनल कमांडर सह 10 लाख का इनामी नक्सली मृत्युंजय भुइंया उर्फ अवधेश जी के साथ दस्ता सदस्य रोहित जी उर्फ बबलू राम को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार नक्सलियों के पास सेAK-47,मैगजीन,जिन्दा कारतूस,मोबाइल,टैब,नक्सली पर्चा और लेवी का करीब 1.50 लाख रुपये नगद बरामद किया गया है.

मामले में लातेहार एसपी कुमार गौरव ने बताया कि मृत्युंजय भुइंया अपने दस्ता सदस्यों के साथ क्षेत्र में भ्रमणशील है और किसी बड़े वारदात को अंजाम देने के फिराक में है. इसी सूचना के आलोक में छिपादोहर के गारू,बारेसांढ़,महुआडांड़ और नेतरहाट थाना पुलिस की संयुक्त टीम के साथ विशेष ऑपरेशन चलाया जा रहा था. इसी दौरान छिपादोहर और गारू थानाक्षेत्र की सीमावर्ती जंगल से मृत्युंजय भुइंया के साथ एक अन्य दस्ता सदस्य को गिरफ्तार किया गया. इसकी तलाशी के बाद अत्याधुनिक हथियार समेत अन्य सामग्री बरामद किया गया.

बता दें कि मृत्युंजय भुइंया के खिलाफ लातेहार के अलावे पलामू और गुमला के साथ सीमावर्ती राज्य छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में कुल 104 काण्ड दर्ज हैं. जिसको लेकर पुलिस और सुरक्षाबल लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश देती रही है. किन्तु हरेक बार चकमा देकर भागने में सफल रहता था,लेकिन इस बार लातेहार एसपी कुमार गौरव की कुशल नेतृत्व के जाल में फंस गया और पुलिस के हत्थे चढ़ा.