मंत्री निशांत कुमार पहुंचे वाराणसी
बाबा विश्वनाथ के किए दर्शन,सीएम योगी की तारीफ की,बिहार की कानून व्यवस्था को भी बताया दुरुस्त
बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे। यहां उन्होंने बाबा विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की और गंगा आरती में शामिल हुए। निशांत कुमार ने बाबा विश्वनाथ से बिहार समेत देशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि काशी की पवित्र धरती पर आकर बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद लेना उनके लिए सौभाग्य की बात है।
काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद निशांत कुमार ने अपने कुलगुरु से भी आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने उत्तर प्रदेश की राजनीतिक स्थिति और बिहार की कानून-व्यवस्था से जुड़े सवालों का जवाब दिया।
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर निशांत कुमार ने एनडीए की सरकार बनने की कामना की। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए कहा कि वह चाहते हैं कि योगी आदित्यनाथ दोबारा मुख्यमंत्री बनें और प्रदेश में विकास का क्रम आगे भी जारी रहे। निशांत कुमार ने कहा कि उत्तर प्रदेश में एनडीए की सरकार है और वह चाहते हैं कि उसे जनता का समर्थन मिले।
वहीं,बिहार की कानून-व्यवस्था को लेकर पूछे गए सवाल पर निशांत कुमार ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था ठीक है। उन्होंने कहा कि जब भी कोई आपराधिक घटना होती है, प्रशासन और पुलिस की ओर से तत्काल कार्रवाई की जाती है।
निशांत कुमार का यह बयान ऐसे समय आया है, जब उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो रही हैं। उनके वाराणसी दौरे और योगी आदित्यनाथ को लेकर दिए गए बयान को बिहार की राजनीति के नजरिए से भी देखा जा रहा है।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।