BIHAR
रोहतास में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, XUV कार से 66.50 लाख रुपये नकद बरामद, दो महिलाओं समेत तीन गिरफ्तार
रोहतास। बिहार के रोहतास जिले में पुलिस ने अवैध नकदी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से 66 लाख 50 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। इस मामले में दो महिलाओं समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने नकदी के साथ काले रंग की XUV-300 कार और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। बरामद रकम के संबंध में वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर आयकर विभाग को सूचना दी गई है।
जानकारी के अनुसार, शिवसागर पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वाराणसी की ओर से आ रही एक काले रंग की XUV कार में भारी मात्रा में नकदी रखी गई है। कार सवार लोग इस रकम को लेकर कोलकाता जाने वाले हैं। सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों को जानकारी दी गई और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-01, सासाराम के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
इसके बाद पुलिस और दंडाधिकारी की टीम ने NH-19 स्थित शिवसागर टोल प्लाजा पर वाहनों की सघन जांच शुरू की। इसी दौरान रात करीब 9:05 बजे संदिग्ध कार पहुंची। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने वाहन घुमाकर भागने का प्रयास किया। हालांकि, पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए कार को पकड़ लिया।
दंडाधिकारी की मौजूदगी में तलाशी लेने पर चालक चंदन कुमार के पास रखे झोले से 4 लाख 50 हजार रुपये मिले। वहीं, कार में सवार दोनों महिलाओं के पास से क्रमशः 36 लाख और 26 लाख रुपये बरामद किए गए। इस तरह कुल 66 लाख 50 हजार रुपये जब्त किए गए।पुलिस के अनुसार, तीनों सासाराम के नवरत्न बाजार के निवासी बताए गए हैं। नकदी के स्रोत और उसके इस्तेमाल को लेकर जांच की जा रही है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। एसडीपीओ बिप्लव कुमार ने बताया कि मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है। आयकर विभाग को भी सूचना दी गई है।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।