BIHAR NEWS : पटना विश्वविद्यालय के इकबाल छात्रावास में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2 जिंदा सूतली बम बरामद
पटना यूनिवर्सिटी के इकबाल छात्रावास में सोमवार देर रात पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन चलाया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में छात्रावास के पीछे स्थित एक खंडहरनुमा भवन से 2 जिंदा सूतली बम बरामद किए गए हैं। दोनों बम प्लास्टिक में लिपटे हुए थे, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, छात्र गुटों के बीच चल रही रंजिश और संभावित बमबाजी की आशंका को लेकर पुलिस को इनपुट मिला था। इसके बाद पुलिस टीम, बम निरोधक दस्ता और स्थानीय प्रशासन की मौजूदगी में छात्रावास परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
सर्च ऑपरेशन के दौरान बरामद दोनों जिंदा बमों को बम निरोधक दस्ता की टीम ने सुरक्षित तरीके से अपने कब्जे में लेकर निष्क्रिय करने की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बरामद सामग्री की जांच की जा रही है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
पटना से विवेक कुमार की रिपोर्ट