Jharkhand News
महाअष्टमी पर गिरिडीह के दुर्गा मंडपों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, बड़की मैया-छोटकी काली मंडप में लगी लंबी कतारें
गिरिडीह: शारदीय नवरात्र की महाअष्टमी पर गिरिडीह शहर और आसपास के इलाकों में मां दुर्गा की आराधना को लेकर भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही विभिन्न दुर्गा मंडपों और पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। ICR रोड स्थित बड़की मैया और छोटकी काली मंडप में मां दुर्गा के दर्शन के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। वैदिक मंत्रोच्चार, पुष्पांजलि और आरती के बीच पूरा माहौल भक्तिमय बना रहा।
बड़की मैया और छोटकी काली मंडप में उमड़े भक्त
महाअष्टमी के अवसर पर ICR रोड स्थित बड़की मैया और छोटकी काली मंडप में सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। भक्तों ने मां दुर्गा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और पुष्पांजलि अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। श्रद्धालु अपने साथ नारियल, फल, मिठाई और चुनरी लेकर पहुंचे। पूजा-अर्चना और आरती के दौरान मंडपों में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
शहर के विभिन्न पूजा पंडालों में दिखी रौनक
गिरिडीह के विश्वनाथ मंदिर, पचंबा, बरमसिया, स्टेशन रोड, पुलिस लाइन, सिरसिया और बनियाडीह समेत कई इलाकों में स्थित दुर्गा मंडपों और पूजा पंडालों में भी श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली। महाअष्टमी पर मां दुर्गा के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए लोग परिवार के साथ पहुंचे। शहर के प्रमुख पूजा स्थलों पर धार्मिक उत्साह और चहल-पहल का माहौल रहा।
सुरक्षा और यातायात को लेकर प्रशासन सतर्क
महाअष्टमी पर पूजा स्थलों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। भीड़ प्रबंधन के लिए सीसीटीवी कैमरे,बैरिकेडिंग और यातायात व्यवस्था पर ध्यान दिया गया है,ताकि श्रद्धालु सुरक्षित तरीके से मां दुर्गा के दर्शन कर सकें।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए 18 से 21 अक्टूबर तक सुबह 9 बजे से रात 2 बजे तक बड़े वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध की जानकारी दी गई है। इससे पूजा के दौरान प्रमुख मार्गों पर भीड़ नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम बनाने में मदद मिलेगी। महाअष्टमी पर गिरिडीह के विभिन्न दुर्गा मंडपों में उमड़ी भीड़ ने शारदीय नवरात्र के उत्साह को और बढ़ा दिया। शहर के प्रमुख पूजा स्थलों पर दिनभर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा।
गिरिडीह से नफीस अजहर की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।