Live

JHARKHAND CRIME

मधुपुर रेलवे स्टेशन पर 25 किलो गांजा बरामद, 12.50 लाख रुपये का मादक पदार्थ जब्त, ओडिशा का तस्कर गिरफ्तार

D
Deepak Kumarलेखक

प्लेटफॉर्म नंबर-2पर आरपीएफ और सीआईबी जसीडीह की संयुक्त कार्रवाई,ट्रॉली बैग और पिट्ठू बैग से मिले गांजे के 11बंडल,आरोपी न्यायिक हिरासत में भेजा गया
मधुपुर: झारखंड के देवघर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने बड़ी कार्रवाई की है। मधुपुर रेलवे स्टेशन पर बीती रात आरपीएफ और सीआईबी जसीडीह की संयुक्त टीम ने करीब 25 किलोग्राम गांजा बरामद करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित बाजार कीमत 12 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है।

प्लेटफॉर्म नंबर-2पर पकड़ा गया आरोपी
मिली जानकारी के अनुसार, आरपीएफ और सीआईबी जसीडीह की संयुक्त टीम मधुपुर रेलवे स्टेशन पर जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर एक संदिग्ध युवक को देखकर टीम ने उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान युवक के ट्रॉली बैग और पिट्ठू बैग से गांजे के कुल 11 बंडल बरामद किए गए। वजन करने पर गांजे की मात्रा करीब 25 किलोग्राम पाई गई।

ओडिशा का रहने वाला है गिरफ्तार युवक
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 20 वर्षीय चंदन कुमार पुरूसटी के रूप में हुई है। वह ओडिशा के नयागढ़ का निवासी बताया जा रहा है। आरपीएफ ने आरोपी को गांजे के साथ गिरफ्तार कर लिया।

आरपीएफ ने रेल पुलिस को सौंपा आरोपी
इस संयुक्त अभियान में सीआईबी इंस्पेक्टर राजेश कुमार, एसआई एम. सिंह सहित आरपीएफ के अन्य जवान शामिल थे। कार्रवाई के बाद आरपीएफ ने गिरफ्तार आरोपी और बरामद गांजे को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मधुपुर रेल पुलिस के सुपुर्द कर दिया। इसके बाद रेल पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। रेलवे स्टेशन पर हुई इस कार्रवाई को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों की अहम कार्रवाई माना जा रहा है।

मधुपुर से राम झा की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें