Live

BIHAR NEWS

मधुबनी में श्रीमद्भागवत कथा का भव्य शुभारंभ, निकलेगी विशाल कलश यात्रा; अयोध्या के आचार्य विनय चेतन शास्त्री सुनाएंगे कथा

D
Deepak Kumarलेखक

हरिपुर ड्योढ़ी में 20 से 26 नवंबर तक सात दिवसीय ज्ञान यज्ञ का आयोजन, बिहार सरकार के मंत्री, सांसद और कई गणमान्य अतिथियों के शामिल होने की संभावना
मधुबनी:
मिथिला की पावन धरती पर आज से भक्ति और आध्यात्म का भव्य संगम देखने को मिलेगा। मधुबनी जिले के पंडौल प्रखंड अंतर्गत हरिपुर ड्योढ़ी में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ का भव्य शुभारंभ 20 नवंबर से होने जा रहा है। इस धार्मिक आयोजन की शुरुआत सुबह 8 बजे विशाल कलश यात्रा के साथ होगी। वहीं, दोपहर 3 बजे से अयोध्या धाम के प्रख्यात कथावाचक आचार्य विनय चेतन शास्त्री जी महाराज के श्रीमुख से संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ होगा।

20 से 26 नवंबर तक चलने वाले इस आध्यात्मिक महोत्सव को लेकर हरिपुर ड्योढ़ी सहित आसपास के गांवों में खासा उत्साह है। पूरे क्षेत्र को भगवा ध्वज, आकर्षक स्वागत द्वार और बैनर-पोस्टर से सजाया जा रहा है।

मृत्युंजय कुमार झा के संयोजन में हो रहा भव्य आयोजन

इस सात दिवसीय ज्ञान यज्ञ का आयोजन बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड, बिहार सरकार के अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार झा के सौजन्य एवं संयोजन में किया जा रहा है। आयोजन को सफल बनाने के लिए स्थानीय ग्रामीण, युवा, सामाजिक कार्यकर्ता और श्रद्धालु लगातार तैयारियों में जुटे हैं। कार्यक्रम स्थल पर विशाल पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है। आयोजकों को उम्मीद है कि इस धार्मिक महोत्सव में मिथिला सहित आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे।

अयोध्या के आचार्य विनय चेतन शास्त्री सुनाएंगे भागवत कथा

इस आयोजन का मुख्य आकर्षण अयोध्या धाम से पधार रहे प्रख्यात कथावाचक एवं भागवत मर्मज्ञ आचार्य विनय चेतन शास्त्री जी महाराज होंगे। वे अपनी टीम के साथ संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराएंगे। कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं, भक्तों के चरित्र, धर्म, भक्ति, ज्ञान, वैराग्य और सनातन संस्कृति से जुड़े महत्वपूर्ण प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया जाएगा।

सात दिनों तक इन प्रसंगों का होगा वर्णन

सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा में प्रतिदिन अलग-अलग धार्मिक और आध्यात्मिक प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा।

प्रथम दिन: श्रीमद्भागवत महापुराण का माहात्म्य एवं कथा की महिमा।
द्वितीय दिन: भक्त ध्रुव का चरित्र और उनकी अटूट भक्ति।
तृतीय दिन: भक्त प्रह्लाद का चरित्र और भगवान के प्रति उनकी अनन्य श्रद्धा।
चतुर्थ दिन: भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव एवं नंदोत्सव।
पंचम दिन: भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाएं एवं गोवर्धन पूजा।
षष्ठम दिन: कंस वध एवं श्रीकृष्ण-रुक्मिणी विवाह महोत्सव।
सप्तम दिन: श्रीकृष्ण-सुदामा मिलन एवं श्रीकृष्ण-उद्धव संवाद।

प्रतिदिन दोपहर 3 से शाम 7 बजे तक होगी कथा

आयोजन के पहले दिन 20 नवंबर को सुबह 8 बजे विशाल कलश यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद दोपहर 3 बजे से कथा प्रवचन शुरू होगा। प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक श्रद्धालु भागवत कथा का श्रवण कर सकेंगे। वहीं, 26 नवंबर को विधिवत हवन, पूर्णाहुति और विशाल भंडारे के साथ सात दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का समापन होगा।

मंत्री और सांसदों के पहुंचने की भी संभावना

इस भव्य धार्मिक आयोजन में बिहार सरकार के कई मंत्रियों, सांसदों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक एवं धार्मिक क्षेत्र की प्रमुख हस्तियों और गणमान्य व्यक्तियों के शामिल होने की संभावना है।आयोजकों के अनुसार, हरिपुर ड्योढ़ी में इस स्तर का सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ पहली बार आयोजित किया जा रहा है। इसे लेकर स्थानीय लोगों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

लोककल्याण और आध्यात्मिक जागरण है आयोजन का उद्देश्य

पूजन एवं मंच संचालन की व्यवस्था से जुड़े आचार्य शेष नारायण शुक्ला और आचार्य सतीश मिश्र ने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण की कृपा से लोककल्याण, आध्यात्मिक जागरण और पूर्वजों की सद्गति की मंगलकामना के साथ इस आयोजन का शुभारंभ किया जा रहा है।वहीं, आयोजन के संयोजक मृत्युंजय कुमार झा ने मिथिलावासियों और धर्मप्रेमियों से सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होकर भागवत कथा का श्रवण करने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि मिथिला सदियों से ज्ञान, दर्शन, धर्म और अध्यात्म की भूमि रही है। ऐसे आयोजन हमारी सनातन परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

हरिपुर ड्योढ़ी में होने वाला यह सात दिवसीय महोत्सव धार्मिक आस्था के साथ-साथ मिथिला की सांस्कृतिक एकजुटता और आध्यात्मिक चेतना का भी प्रतीक बनने जा रहा है। अब श्रद्धालुओं को इस भव्य आयोजन के शुभारंभ का इंतजार है।

राजीव रंजन की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें