Live

Jharkhand News

लोहरदगा रेलवे स्टेशन का DRM ने किया निरीक्षण, बंद टिकट काउंटर देख जताई नाराजगी

D
Deepak Kumarलेखक

धरमजयगढ़-गुमला-लोहरदगा रेल लाइन परियोजना पूरी करना पहली प्राथमिकता;इसके बाद दोहरीकरण की दिशा में बढ़ेंगे कदम,मेमू ट्रेन में अतिरिक्त बोगियां लगाने की मांग पर भी हुई चर्चा

लोहरदगा: दक्षिण पूर्व रेलवे के रांची मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (DRM)करुणानिधि सिंह ने शनिवार को अधिकारियों के साथ विशेष ट्रेन से लोहरदगा पहुंचकर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं,प्रतीक्षालय,टिकट काउंटर,दिव्यांगजनों के लिए व्यवस्था,साफ-सफाई और रेलवे ब्रिज का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान टिकट काउंटर बंद मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित कर्मचारियों को कार्य के प्रति जिम्मेदार रहने का निर्देश दिया।

DRMने स्पष्ट कहा कि यात्रियों को समय पर टिकट उपलब्ध कराना रेलवे कर्मचारियों की जिम्मेदारी है। इस कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्टेशन की व्यवस्थाओं में सुधार लाने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

दो वर्षों में स्टेशन पर हुआ विकास

निरीक्षण के दौरान करुणानिधि सिंह ने कहा कि पिछले दो वर्षों में लोहरदगा रेलवे स्टेशन पर काफी विकास हुआ है। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे की ओर से लगातार सुधार किए जा रहे हैं। उन्होंने स्टेशन परिसर की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक सुधारों पर भी ध्यान दिया।

उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि स्टेशन पर साफ-सफाई,टिकट वितरण और अन्य यात्री सुविधाएं नियमित रूप से सुनिश्चित की जाएं,ताकि यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो।

धरमजयगढ़-गुमला-लोहरदगा रेल लाइन परियोजना पहली प्राथमिकता

रेलवे की विकास योजनाओं पर चर्चा करते हुएDRMने कहा कि धरमजयगढ़-गुमला-लोहरदगा रेल लाइन परियोजना का काम पूरा करना रेलवे की पहली प्राथमिकता है। इस परियोजना को आगे बढ़ाने के बाद रेलखंड के दोहरीकरण की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि रांची रेलखंड पर दोहरीकरण को लेकर सर्वेक्षण और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR)तैयार करने की प्रक्रिया भी चल रही है। इन योजनाओं के पूरा होने से भविष्य में रेल परिचालन को अधिक सुगम बनाने और क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

मेमू पैसेंजर में अतिरिक्त बोगियां लगाने की मांग

लोहरदगा मेमू पैसेंजर ट्रेन में अतिरिक्त बोगियां लगाने की मांग परDRMने कहा कि यात्रियों की संख्या का आकलन टिकट बिक्री के आधार पर किया जाता है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए कई प्रस्ताव रेलवे को भेजे गए हैं।

उन्होंने आनंद विहार-पुरीलिया एक्सप्रेस और संतरागाछी-जयपुर एक्सप्रेस का भी उल्लेख किया। इन ट्रेनों से क्षेत्र के रेल संपर्क को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

यात्री सुविधाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

निरीक्षण के अंत मेंDRMने रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों को यात्रियों की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। उन्होंने टिकट वितरण,साफ-सफाई और अन्य जरूरी सेवाओं में लापरवाही नहीं करने की हिदायत दी।

लोहरदगा रेलवे स्टेशन का यह निरीक्षण यात्री सुविधाओं की समीक्षा और क्षेत्र में चल रही रेलवे विकास योजनाओं की प्रगति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब यात्रियों की नजरें रेल लाइन परियोजना को पूरा करने, दोहरीकरण की योजना और मेमू पैसेंजर में अतिरिक्त बोगियां लगाने से जुड़े फैसलों पर रहेंगी।

लोहरदगा से अमित वर्मा की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें