JHARKHAND CRIME
लोहरदगा में ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार का भंडाफोड़, 8 आरोपी गिरफ्तार; थार समेत 98 ग्राम मादक पदार्थ जब्त
रांची और लातेहार के आरोपी भी शामिल,गुप्त सूचना पर पुलिस ने केरवाडी मोड़ के पास की छापेमारी
लोहरदगा: झारखंड के लोहरदगा जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कुडू थाना क्षेत्र में छापेमारी कर पुलिस ने कथित तौर पर ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार में शामिल आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 98 ग्राम ब्राउन शुगर जैसा मादक पदार्थ और काले रंग की महिंद्रा थार गाड़ी (JH01FX0060) जब्त की है। गिरफ्तार आरोपियों में रांची और लातेहार जिले के निवासी भी शामिल हैं।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी
पुलिस के अनुसार, 30 अक्टूबर 2026 की रात लोहरदगा पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि चंदवा-कुडू रोड के रास्ते महिंद्रा थार वाहन से मादक पदार्थ की खेप लाकर खरीद-बिक्री की तैयारी की जा रही है। सूचना मिलने के बाद कार्रवाई के लिए किस्को अंचल के पुलिस निरीक्षक चंद्रशेखर आजाद, कुडू थाना प्रभारी नीरज झा और सशस्त्र बल की टीम गठित की गई। इसके बाद कुडू अंचलाधिकारी संतोष उरांव की मौजूदगी में पुलिस टीम ने केरवाडी मोड़ के पास स्थित एक निर्माणाधीन मकान की घेराबंदी कर छापेमारी की।
आठ आरोपियों के पास से मिला करीब98ग्राम मादक पदार्थ
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से आठ लोगों को हिरासत में लिया। तलाशी के क्रम में आरोपियों के पास से एल्यूमिनियम फॉयल में पैक ब्राउन शुगर जैसा पदार्थ बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक, अलग-अलग आरोपियों के पास से 5.15 ग्राम, 7.32 ग्राम, 8.01 ग्राम, 11.09 ग्राम, 9.54 ग्राम, 8.21 ग्राम, 32.81 ग्राम और 16.12 ग्राम पदार्थ बरामद हुआ। कुल बरामदगी लगभग 98 ग्राम बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंकज कुमार, अभय कुमार, अलतमस अंसारी, वाहीद अंसारी, संदीप कुमार यादव, आर्यन राज चौधरी, रितु राज जायसवाल और सोनू राज कुमार के रूप में की है।
NDPSएक्ट के तहत मामला दर्ज
इस मामले में कुडू थाना कांड संख्या 95/26, दिनांक 30 अक्टूबर 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 17(b), 21(b), 22(b) और 29 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की आगे की जांच और आरोपियों से पूछताछ में जुटी है। लोहरदगा पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। अब पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और मादक पदार्थों की सप्लाई के स्रोत का पता लगाने में जुटी है।
लोहरदगा से अमित वर्मा की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।