शराब तस्करों के हौसले हुए पस्त
पिकअप वैन के सीक्रेट तहखाने से शराब की बड़ी खेप जब्त, जानिए कैसे हुआ खुलासा
NAWADA :बिहार में शराब तस्करी रोकने के लिए सरकार की तमाम कोशिशों के बावजूद शराब तस्करों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। रोज नए-नए तरीके अपनाकर तस्करी की कोशिश हो रही है लेकिन चेकिंग के दौरान पुलिस उन्हें पकड़ लेती है।
शराब तस्करों के हौसले हुए पस्त
ताजा मामला नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र के चितरकोली पंचायत अंतर्गत बिहार-झारखण्ड सीमावर्ती स्थित समेकित जांच चौकी का है, जहां उत्पाद विभाग ने वाहन जांच के क्रम में हैंड स्कैनर की मदद से एक पिकअप वाहन में बने सीक्रेट तहखाने से भारी मात्रा में केन बियर बरामद किया है। एसआई पिंटू कुमार ने शराब लदे वाहन के साथ वाहन चालक को मौके से गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक बोलेरो पिकअप वाहन से पश्चिम बंगाल के चितरंजन से झारखंड के रास्ते बिहार के बाढ़ जा रहा था। इस दौरान झारखंड-बिहार की सीमा पर चेकिंग के दौरान अधिकारियों ने पिकअप वाहन में बने सीक्रेट तहखाने से भारी मात्रा में केन बियर की खेप को जब्त कर शराब तस्करों के होश उड़ा दिए।
हैंडहेल्ड स्कैनर की मदद से खुलासा
देर रात झारखंड-बिहार की सीमा पर रजौली चेकपोस्ट पर चेकिंग चल रही थी। इस दौरान मद्य निषेध और उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने हैंडहेल्ड स्कैनर की मदद से पिकअप वाहन की जांच की तो तहखाने का खुलासा हुआ। काफी मशक्कत के बाद भी अधिकारी जब तहखाना नहीं खोल पाए तो उन्होंने ड्राइवर से पूछा, जिसके बाद रॉड की मदद से तहखाने को खोल भारी मात्रा में केन बियर की खेप को जब्त किया गया।
उत्पाद अधीक्षक अरुण कुमार मिश्र ने बताया कि बिहार मद्यनिषेध को लेकर समेकित जांच चौकी पर उत्पाद एसआई पिंटू कुमार के नेतृत्व में उत्पाद बलों के सहयोग से प्रतिदिन झारखण्ड की ओर से आनेवाली छोटी व बड़ी वाहनों की सघन जांच की जाती है। उन्होंने कहा कि मंगलवार की देर रात वाहन जांच के क्रम एक पिकअप वाहन की तलाशी ली गई तो पिकअप में तहखाना बनाकर भारी मात्रा में बियर की शराब पकड़ी गई है। साथ ही मौके से एक चालक को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार शराब कारोबारी की पहचान पटना के निवासी सुधीर सिंह के पुत्र सोनू कुमार के रूप में हुई है।
जांच चौकी पर पहली बार हैंड स्कैनर की मदद से उत्पाद विभाग की पुलिस ने शराब से भरे एक पिकअप वाहन BR01GK6019 को जब्त कर लिया है। जब्त शराब और पिकअप वाहन के अलावे गिरफ्तार युवक के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।