Live

लालू लगाएंगे नीतीश को ‘धक्का’?

6 साल बाद जोश में कमी, अंदाज वही...लालू की एक झलक पाने को बेकाबू हुई भीड़

S
SUMIT JHAलेखक

‘लागल लागल झुलनिया के धाक्का,बलम कलकत्ता पहुंच गये’

6साल पहले पटना के गांधीमैदान में आयोजित स्वाभिमान रैली में लालू के भाषण में यही अंदाज था।6 साल बाद लालू जब चुनाव प्रचार करने लोगों के बीच पहुंचे, तो एक बार फिर से उसी अंदाज में कहा

‘लागल लागल झुलनिया के धाक्का,बलम कलकत्ता पहुंच गये’

6 साल बाद लालू का अंदाज तो वही पुराना था। लेकिन ज़ुबां और चेहरे पर उम्र और बीमारी का असर साफ झलक रहा था। 6 साल पहले लालू की आवाज़ सभा में आने वाली भीड़ के शोर पर भारी पड़ती थी।हालांकि 6 साल बाद लालू की एक झलक देखने के लिए भीड़ बेकाबू थी। तारापुर में जब लालू यादव का हेलीकॉप्टर उतरने लगा, तो लोग बेकाबू होकर बैरिकेड तोड़ने पर आमादा हो गए। भीड़ को संभालने में सुरक्षाकर्मियों के पसीने छूट गए।

यहां तक कि तेजस्वी यादव भी लालू की तबीयत खराब होने का हवाला देकर भीड़ को शांत रहने की कोशिश करते रहे, लेकिन लोग नहीं माने। वहीं 6 साल बाद लालू की आवाज़ पर सभा में आई भीड़ का शोर भारी पड़ रहा था। फिर भी लालू ने अपने पुराने अंदाज में लोगों को संबोधित करने की पूरी कोशिश की। और लालू ने जब माइक थामी, तो लोगों का शोर और बढ़ता गया। जिसे शांत करने की कोशिश कई बार लालू को करनी पड़ी। बीच-बीच में लालू अपनी आवाज़ ऊंची कर पुराने अंदाज में बोलने की भी कोशिश करते रहे।

लालू ने तारापुर और कुशेश्वरस्थान में खड़े होकर कुल 13 से 14 मिनट का भाषण दिया और इस दौरान निशाने पर नीतीश ही रहे। लालू ने एक बार फिर नीतीश सरकार के विसर्जन की बात कही और गोली मरवाने के बयान पर कहा कि हम क्यों गोली मरवाएंगे, खुद ही मर जाएंगे। इसके अलावा लालू के निशाने पर महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर केंद्र की मोदी सरकार भी रही। वहीं पटना लौटने पर लालू ने जनसभा में उमड़ी भीड़ के बूते दोनो सीटों पर जीत का दावा किया।

साफ है लालू की ज़ुबां और चेहरे पर उम्र और बीमारियों का असर भले ही नज़र आ रहा हो, लेकिन अपने अंदाज से लोगों की भीड़ जुटाने में लालू कामयाब रहे। देखना होगा ये भीड़ वोट में किस हद तब्दील हो पाती है।

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें