लखीसराय में नशा मुक्त अभियान : कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा हुए शामिल,युवाओं को नशे की लत से दूर रखना उद्देश्य
लखीसराय:नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत-संकल्प अभियान कार्यक्रम का आयोजन किया गया. जिसमें बिहार सरकार के कृषि मंत्री विजय कुमार विशेष रूप से शामिल हुए. पॉलिटेक्निक कॉलेज स्थित सभागार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नशा मुक्त युवा-विकसित भारत संकल्प अभियान का लाइव प्रसारण किया गया. जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं आम लोग शामिल हुए. कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, डीएम शैलेन्द्र कुमार ने किया.
कार्यक्रम में नशे की लत के खिलाफ सौ सप्ताह तक चलने वाले इस अभियान में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया. माय भारत वॉलंटियर्स, यूथ क्लब, स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, गैर-सरकारी संगठन, उद्योग संगठनों और आध्यात्मिक संगठन के प्रतिनिधि भी इस कार्यक्रम से में शामिल हुए.
इस मौके पर मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि इस अभियान के अंतर्गत नशा-उन्मूलन के लिए जागरूकता गतिविधियां चलाई जाएगी. इनमें खेलकूद, वॉकथॉन, ध्यान सत्र, सांस्कृतिक कार्यक्रम, जागरूकता अभियान,नुक्कड़ नाटक, चर्चा मंच,कला प्रतियोगिताएं और सामुदायिक कार्यक्रम शामिल होंगे. इसका उद्देश्य युवाओं को नशे की लत से दूर रहने के लिए प्रेरित करना है.