Live

...तो क्या दो सीटों की जीत-हार से बदल जाएगी सरकार?

कैसे बनेगी तेजस्वी की सरकार? मध्य प्रदेश मॉडल क्या है, जिसकी तर्ज पर सरकार बनाने का है दावा

S
SUMIT JHAलेखक

उपचुनाव की दोनो सीटों पर जीत के तो सबके दावे हैं, लेकिन आरजेडी जीत से आगे सरकार बनाने तक का बड़ा दावा कर रही है। उपचुनाव से ठीक 24 घंटे पहले लालू यादव और तेजस्वी यादव ने ना सिर्फ दावा किया कि दोनों सीटों पर जीत होगी और हम सरकार बनाएंगे। हालांकि तेजस्वी यादव से पूछा गया कि कांग्रेस आपके साथ नहीं है, तो कांग्रेस के 19 विधायकों के बिना कैसे सरकार बनाएंगे। तो तेजस्वी ने सरकार बनाने के फार्मूले का खुलासा नहीं किया। हालांकि तेजस्वी ने मध्यप्रदेश मॉडल की चर्चा करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में बीजेपी की सरकार बन सकती है, तो हम भी सरकार बना सकते हैं। बाकी समझ जाइए। तो हम समझाने की कोशिश करते हैं, तेजस्वी के बयान का मतलब। तेजस्वी के बयान का मतलब समझने के लिए पहले समझिए जिस मध्य प्रदेश में बीजेपी की सरकार बनने का जिक्र कर रहे हैं तेजस्वी, वो सरकार बनी कैसे।

दरअसल साल 2018 के दिसंबर में मध्य प्रदेश में15 साल शासन के बाद शिवराज सिंह की सरकार गिर गई थी और कांग्रेस ने सत्ता का स्वाद चखा था। लेकिन कमलनाथ की सरकार15 महीने भी नहीं चल सकी और20 मार्च 2020 को कमलनाथ ने सीएम पद से इस्तीफे का ऐलान कर दिया। लेकिन मध्यप्रदेश में खेला हुआ कैसे।

मध्यप्रदेश में ऐसे गिरी कमलनाथ सरकार...

मध्यप्रदेश में ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दिलाई थी बीजेपी को सत्ता

दरअसल मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजों में कांग्रेस को 114 सीटों पर जीत हासिल हुई थी जबकि बीजेपी को 109 सीटों पर जीत हासिल की थी। मध्य प्रदेश में सरकार बनाने के जादुई आंकड़े 116 को कोई पार्टी हासिल नहीं कर सकी थी, चूंकि कांग्रेस बहुमत के लिए जरूरी 116 सीटों के बिल्कुल करीब थी और उसे निर्दलीयों, बसपा और सपा ने समर्थन दिया था। चुनाव में समाजवादी पार्टी (सपा) को बिजावर सीट पर जीत हासिल हुई थी। वहीं, 4 सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार विजयी रहे। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) 2 सीटों पथरिया और भिंड सीट पर जीत हासिल की थी और इस तरह से कमलनाथ सरकार बनी। लेकिन कमलनाथ सरकार बनने के बाद से ही बीजेपी की नज़र सरकार पर गड़ गई। बीजेपी का दावा बार-बार सामने आ रहा कि ये सरकार 15 दिन भी नहीं चलेगी और वही हुआ। 2020 आते-आते खेला शुरु हो गया। खेला के लिए कांग्रेस के बड़े चेहरे ज्योतिरादित्य सिंधिया का साथ बीजेपी को मिला, जो कांग्रेस नेतृत्व से नाराज़ चल रहे थे। ज्योतिरादित्य सिंधिया के 22 समर्थक विधायकों ने रातों रात पाला बदल लिया। सभी 22 विधायकों को कर्नाटकशिफ्ट कर दिया गया। इनमें छह सिंधिया समर्थक मंत्री रहे विधायकों ने पहले इस्तीफा दिया। फिर 19 मार्च 2020 को कांग्रेस के 16 और विधायकों ने इस्तीफा दे दिया। जिसे मंजूर कर लिया गया। विधानसभा में 230 विधायक संख्या है, जिनमें से 22 खाली होने के बाद 208 बचे। 208 विधायकों के सदन में बहुमत के लिए 104 विधायकों के समर्थन की जरूरत थी। बीजेपी विधायक शरद कौल के इस्तीफा के बाद विधानसभा में बीजेपी के विधायकों की संख्या 106 हो गई थी। कांग्रेस के 92 और सपा, बसपा और निर्दलीय विधायकों के समर्थन से यह आंकड़ा 99 तक ही पहुंचता था। ऐसे में फ्लोर टेस्ट में होने वाली किरकिरी से बचने को मुख्यमंत्री ने पद से इस्तीफे का ऐलान कर दिया।

तो क्या बिहार में भी इसी तरह का खेला होगा?

मध्य प्रदेश में बीजेपी की सरकार बनने का उदाहरण देने वाले तेजस्वी क्या इसी तरह का खेला होने का अनुमान लगा रहे हैं। लेकिन सवाल है कि बिहार में एनडीए का ज्योतिरादित्य सिंधिया कौन होगा, जो अपने साथ बहुमत के लिए जरूरी विधायकों को आरजेडी की सरकार बनवाने के लिए समर्थन दिलवा दे और ये कैसे मुमकिन होगा। इसे समझने के लिए ज़रा बिहार विधानसभा के गणित को समझिए।

बिहार विधानसभा की कुल 243 सीटों में आरजेडी के 75, बीजेपी के 74, जेडीयू के 43, कांग्रेस के 19, वामपंथी पार्टियों के 16, AIMIM के 5, HAM के 4, VIP के 4 और 1 निर्दलीय विधायक हैं। दो खाली सीटों के लिए उपचुनाव होने वाले हैं। बिहार में सरकार बनाने के लिए 122 विधायकों की जरूरत है। इनमें बीजेपी के 74, जेडीयू के 43, HAM के 4, VIP के 4 और 1 निर्दलीय विधायकों के बूते एनडीए के पास 126 विधायक हैं। यानी जरूरी बहुमत से एनडीए के पास 4 विधायक ज्यादा हैं। वहीं आरजेडी के 75, कांग्रेस के 19, वामपंथी पार्टियों के 16 विधायकों के बूते महागठबंधन के पास 110 विधायक हैं। हालांकि कांग्रेस अभी आरजेडी से खुद को अलग बता रही है। लेकिन सियासत में दोस्ती दुश्मनी स्थायी नहीं होती है।

अगर उपचुनाव में आरजेडी को 2 सीटों पर जीत मिलती है। तो ये संख्या 112 होती है। इसमें AIMIM के 5 विधायकों को भी जोड़ दें, तो ये संख्या 117 ही होती है। जो जरूरी बहुमत 122 से 5 कम है। ऐसे में तेजस्वी को सरकार बनाने के लिए 5 और विधायकों को एनडीए से तोड़ना होगा। तो क्या 5 विधायक एनडीए से टूटने को तैयार होंगे। वो कौन होंगे, मांझी, मुकेश सहनी या फिर जेडीयू या बीजेपी के अंदर से ही मध्यप्रदेश की तर्ज पर तेजस्वी विधायकों को तोड़ने का सपना देख रेह हैं और क्या अपने विधायकों को टूटते देख हाथ पर हाथ धरे देखती रहेगी जेडीयू या बीजेपी। हां इतना जरूर है, कि नीतीश कुमार के लिए अब मांझी और मुकेश सहनी को और मजबूती से अपने साथ रखना होगा। इतना जरूर है कि अगर आरजेडी को दो सीटों पर जीत मिलती है, तो राज्य में सियासी अस्थिरता बनी रहेगी।

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें