BREAKING NEWS
कोयला ट्रक का पीछा कर रही पुलिस की बोलेरो पलटी, कई जवानों को आई मामूली चोट
कोडरमा के मदनगुंडी पुल के पास रांची-पटना मुख्य मार्ग पर हुआ हादसा,स्थानीय लोगों की मदद से वाहन से निकाले गए पुलिसकर्मी,बड़ा हादसा टला
कोडरमा: झारखंड के कोडरमा जिले में कोयला ट्रक का पीछा कर रही चंदवारा थाना पुलिस की बोलेरो वैन अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा रांची-पटना मुख्य मार्ग पर मदनगुंडी पुल के समीप हुआ। घटना में पुलिस वाहन में सवार जवानों को मामूली चोटें आई हैं। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई बड़ी अनहोनी नहीं हुई।
कोयला ट्रक का पीछा करने के दौरान हादसा
स्थानीय लोगों के मुताबिक, कथित तौर पर एक कोयला लदा ट्रक बरही से कोडरमा की ओर जा रहा था। इसी दौरान चंदवारा थाना की पुलिस बोलेरो वैन उसका पीछा कर रही थी। पीछा करने के दौरान मदनगुंडी पुल के पास पुलिस वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क पर पलट गया।
स्थानीय लोगों ने जवानों को वाहन से निकाला
पुलिस वाहन पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे और वाहन में फंसे पुलिस जवानों को बाहर निकाला। दुर्घटना में जवानों को मामूली चोटें आईं। इसके बाद घायल जवानों का प्राथमिक उपचार कराया गया।
पुलिस कर रही हादसे की जांच
घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। वाहन किन परिस्थितियों में अनियंत्रित होकर पलटा, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं, जिस कोयला ट्रक का पीछा किए जाने की बात सामने आई है, उससे संबंधित परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।