Hindi News / सहरसा में महिषी के नारायणपुर में तेज कटाव,ग्रामीणों ने सरकार से लगाई गांव...

कोसी नदी का कहर जारी : सहरसा में महिषी के नारायणपुर में तेज कटाव,ग्रामीणों ने सरकार से लगाई गांव बचाने की गुहार

Edited By:  |
kosi nadi ka kahar jari

सहरसा: जिले के महिषी विधानसभा क्षेत्र के नारायणपुर गांव में कोसी नदी का कटाव लगातार जारी है,जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. हालांकि, अभी नदी का जलस्तर अपेक्षाकृत कम है, लेकिन तेज कटाव के कारण घनी आबादी वाले गांव पर खतरा मंडराने लगा है.

ग्रामीणों का कहना है कि कोसी नदी को "बिहार का शोक" कहा जाता है,क्योंकि हर वर्ष इसके कटाव से लोगों के घर और खेती की जमीन नदी में समां जाती है. इसके बावजूद अब तक कटाव रोकने के लिए कोई स्थायी और प्रभावी व्यवस्था नहीं की गई है.


स्थानीय लोगों का आरोप है कि जल संसाधन विभाग द्वारा कराए गए कटाव निरोधी कार्य भी नदी की धारा में बह गए हैं. उनका कहना है कि हर साल बांस रोल जैसे अस्थायी उपाय किए जाते हैं,लेकिन इससे कटाव पर कोई ठोस असर नहीं पड़ता.

ग्रामीणों ने बताया कि यदि समय रहते स्थायी सुरक्षा कार्य नहीं कराया गया तो नारायणपुर गांव के कई घर और परिवार कोसी नदी की चपेट में आ सकते हैं.राज्य सरकार और प्रशासन से अविलंब स्थायी कटाव निरोधी कार्य कराने की मांग की है,ताकि हर वर्ष होने वाली तबाही से गांव को बचाया जा सके.साथ ही उन्होंने वीडियो के माध्यम से अपनी आवाज सरकार तक पहुंचाने की भी अपील की है.