Hindi News / कटाव से 200 घरों पर मंडराया खतरा,आशियाना उजड़ने का सता रहा डर

कोशी नदी का कहर : कटाव से 200 घरों पर मंडराया खतरा,आशियाना उजड़ने का सता रहा डर

Edited By:  |
kosi nadi ka kahar

सहरसा:जिले के नौहट्टा प्रखंड की नौला पंचायत के रसलपुर स्थित धानुक टोली हरिजन टोला में नदी का कटाव लगातार तेज होता जा रहा है. कटाव की चपेट में करीब 200 घरों की बस्ती आने की संभावना है. दहशत में जी रहे ग्रामीण प्रशासन से तत्काल बचाव कार्य और राहत की मांग कर रहे हैं.

सहरसा जिले के नौहट्टा प्रखंड अंतर्गत नौला पंचायत के रसलपुर वार्ड संख्या-12 स्थित धानुक टोली हरिजन टोला में नदी का कटाव लगातार विकराल रूप लेता जा रहा है. कटाव की रफ्तार इतनी तेज है कि करीब 200 घरों की बस्ती पर खतरा मंडराने लगा है. हर साल की तरह इस साल भी कई घर बाढ़ की चपेट में आ सकता है.नदी धीरे-धीरे आबादी की ओर बढ़ रही है, जिससे ग्रामीणों में भय और अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि कटाव के कारण हर दिन जमीन नदी में समां रही है और अब उनके घर भी खतरे के मुहाने पर पहुंच गए हैं. कई परिवार अपने घरों और वर्षों की जमा-पूंजी को लेकर चिंतित है. लोगों को कहना है कि यदि जल्द कटाव नहीं रोका गया, तो पूरी बस्ती उजड़ जाएगी.

ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारियों और प्रशासन को इस गंभीर समस्या से अवगत कराया,लेकिन अब तक कटाव रोकने के लिए कोई ठोस पहल नहीं की गई है. प्रशासन की उदासीनता से लोगों में नाराजगी भी देखने को मिल रही है.

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि तत्काल कटावरोधी कार्य शुरू कराया जाए,प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जाए और राहत और पुनर्वास की समुचित व्यवस्था की जाए.लोगों का कहना है कि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो सैकड़ों परिवार बेघर होने को मजबूर हो जाएंगे.