Jharkhand News
कोलकाता हादसे के बाद झारखंड पुलिस अलर्ट, पंडालों की सुरक्षा को लेकर जिलों के SP को निर्देश जारी
रांची: कोलकाता में हुए हादसे के बाद झारखंड पुलिस मुख्यालय ने दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। पुलिस मुख्यालय की ओर से राज्य के सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों (SP) को पूजा पंडालों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
भीड़ नियंत्रण से लेकर फायर सेफ्टी तक होगी निगरानी
जारी निर्देशों के तहत पूजा पंडालों में भीड़ नियंत्रण, अग्नि सुरक्षा और बिजली से जुड़े सुरक्षा मानकों की विशेष निगरानी की जाएगी। प्रशासन को यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि पंडालों में श्रद्धालुओं की आवाजाही व्यवस्थित रहे और किसी भी तरह की आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त इंतजाम मौजूद हों।
CCTVकैमरों से रखी जाएगी नजर
पूजा पंडालों और आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी रखने पर भी जोर दिया गया है। इसके साथ ही संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की आशंका पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।
त्योहार को सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस प्रशासन अलर्ट
दुर्गा पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा पंडालों में पहुंचते हैं। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने और सभी जरूरी इंतजामों की समीक्षा करने को कहा गया है।
पुलिस मुख्यालय के इन निर्देशों का उद्देश्य पूजा के दौरान भीड़ प्रबंधन को बेहतर बनाना, आग और बिजली से जुड़े संभावित खतरों को कम करना तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। अब सभी जिलों में सुरक्षा तैयारियों और निर्देशों के पालन पर विशेष नजर रहेगी।
रांची से नैयर की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।