Live

कोडरमा में चला मतदाता जागरुकता अभियान

स्कूली बच्चों ने लोगों से की 20 मई को मतदान करने की अपील

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

कोडरमा:झारखंड के कोडरमा लोकसभा क्षेत्र के लिए 20 मई को वोट डाले जाएंगे. 20 मई को होने वाले मतदान को लेकर जिला प्रशासन जोर-जोर से तैयारी में जुटा है. आज इसी के मद्देनजर मतदाता जागरूकता अभियान के तहत वाक्थौन और क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया.

झुमरी तिलैया शहर के महाराणा प्रताप चौक से शुरू हुई रैली झंडा चौक होते हुए कोडरमा स्टेशन के समीप पहुंचा, जहां सभी लोग इकट्ठा हुए और नैतिक मतदान की शपथ ली. स्वीप कोषांग के तहत आयोजित मतदाता जागरूकता अभियान में शामिल सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों के बच्चों ने शहर का भ्रमण करते हुए लोगों से 20 मई को मतदान करने की अपील की. हाथों में बैनर पोस्टर लेकर बच्चों ने लोगों को जागरूक किया. इसके अलावे झुमरी तिलैया शहर के भ्रमण के दौरान जो भी लोग सड़क किनारे मिले, उन्हें भी 20 मई को वोट डालने के लिए आमंत्रण कार्ड दिया गया.

स्कूली बच्चों ने कहा कि भले ही उनकी उम्र वोट डालने की नहीं है,लेकिन वह अपने माता-पिता के अलावे मोहल्ले में रहने वाले लोगों को 20 मई को वोट डालने के लिए प्रेरित करेंगे. वहीं मतदान को लेकर फर्स्ट टाइम वोटरों में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है. रैली में बड़ी संख्या में पहली बार मतदान करने वाले युवा मतदाता शामिल हुए और लोगों से 20 मई को वोट डालने का आह्वान किया.

कार्यक्रम में मुख्य रूप से मौजूद डीडीसी ऋतुराज ने कहा कि मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित किया जा रहा है और इसके लिए स्कूली बच्चों,यूथ आइकॉन के साथ-साथ समाज के हर तबके के लोगों की मदद ली जा रही है. उन्होंने कहा कि जो भी लोग इस रैली में शामिल हुए हैं,सभी लोगों ने अपने साथ पांच-पांच लोगों को मतदान केंद्रों तक लेकर आने का भरोसा दिलाया है.

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें