Live

कोडरमा में भी हिट एंड रन के खिलाफ विरोध जारी

वाहन चालकों ने शहर के कई चौक चौराहों पर प्रदर्शन कर की नारेबाजी

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

कोडरमा : हिट एंड रन कानून के नए प्रावधान के विरोध में कोडरमा में भी ट्रक और बस चालकों ने प्रदर्शन किया. झुमरी तिलैया के सुभाष चौक, महाराणा प्रताप चौक, झंडा चौक, कोडरमा के गांधी चौक, डोमचांच के टैक्सी बस स्टैंड के पास ट्रक और बस चालकों ने प्रदर्शन किया और इसे काला कानून बताया है.


आपको बता दें कि हिट एंड रन कानून के नए प्रावधान के मुताबिक सड़क दुर्घटना में ड्राइवर के भागने पर 10 साल की सजा और 7 लाख रुपए जुर्माने का प्रावधान लाया गया है, जिसे लेकर बस और ट्रक के ड्राइवर हड़ताल पर हैं और लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं. प्रदर्शन में ऑटो और ई रिक्शा चालक भी अपना समर्थन दे रहे हैं. प्रदर्शन के दौरान चालकों ने जमकर नारेबाजी की और इस कानून को वापस लेने की मांग की है.

गौरतलब है कि पहली जनवरी से ही तमाम बस स्टैंडों में खड़ी है और ट्रकों को सड़क किनारे खड़ी कर ड्राइवर प्रदर्शन कर रहे हैं. ऐसे में सड़कों पर सन्नाटा पसरा है. वहीं आने जाने वाले मुसाफिरों को भारी परेशानियों का भी सामना करना पड़ रहा है. ट्रक चालक ने बताया कि 10 साल तक की सजा और 7 लाख का जुर्माना पूरी तरह से काला कानून है. अक्सर दुर्घटनाओं में आक्रोशित लोग ड्राइवर को निशाना बनाते हैं. ऐसे में कानून लागू कर सरकार ने चालकों को मरने के लिए छोड़ दिया है. चालकों ने बताया कि कोई भी ड्राइवर जान बूझकर किसी घटना को अंजाम नहीं देता, बल्कि दुर्घटना हो जाती है. ऐसे में ड्राइवर अपनी जान बचाने के लिए घटना के बाद भागने को मजबूर होते हैं. ऐसे में जब तक इस कानून को वापस नहीं लिया जाता कोई भी चालक स्टेरिंग पर नहीं बैठेंगे और यह विरोध प्रदर्शन कानून वापस लिए जाने तक जारी रहेगा.

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें