Jharkhand News
कोडरमा में घर से डेढ़ लाख के जेवरात और नकदी की चोरी, छत के रास्ते घुसे चोर
कोडरमा: जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत जलवाबाद स्थित मक्का-मदीना मस्जिद के पास चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने सरजू यादव के घर को निशाना बनाते हुए करीब डेढ़ लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है।
घटना की जानकारी देते हुए बसंती देवी ने बताया कि रात में खाना खाने के बाद वह अपने कमरे में सोने चली गई थीं। सुबह उठने के बाद जब वह छत पर गईं, तो वहां उनका एक बैग फेंका हुआ मिला। बैग की जांच करने पर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात और6 हजार रुपये नकद गायब मिले।
बसंती देवी के अनुसार, उन्होंने जेवरात को एक बैग में रखकर कमरे में अलमारी के ऊपर रखा था। आशंका जताई जा रही है कि चोर छत के रास्ते सीढ़ियों से घर में दाखिल हुए और चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद उसी रास्ते से फरार हो गए। इस घटना में उन्हें करीब डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
चोरी की सूचना मिलने के बाद कोडरमा सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके। फिलहाल चोरी की घटना को लेकर जांच जारी है।
दुर्गा पूजा के दौरान चोरी से लोगों में दहशत
दुर्गा पूजा के दौरान भीड़भाड़ वाले मोहल्ले में घर के अंदर हुई इस चोरी से स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि जब घर में लोगों के मौजूद रहने के बावजूद चोरी हो सकती है, तो घर सूना छोड़कर दुर्गा पूजा का मेला देखने जाना कितना सुरक्षित होगा। घटना के बाद इलाके के लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।