Live

BIG BREAKING

कोडरमा: मध्याह्न भोजन बनाने के दौरान गैस सिलिंडर में लगी भीषण आग, प्रधानाध्यापक झुलसे; बाल-बाल बचे बच्चे

D
Deepak Kumarलेखक

कोडरमा:कोडरमा जिले के सतगावां प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय समलडीह में मध्याह्न भोजन बनाने के दौरान गैस सिलिंडर में अचानक भीषण आग लग गई। घटना के बाद विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि,शिक्षकों की तत्परता से सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। वहीं,आग बुझाने के प्रयास में विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुनील कुमार झुलस गए,जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए सतगावां अस्पताल भेजा गया।

रेगुलेटर लगाने के दौरान हुआ गैस रिसाव

मिली जानकारी के अनुसार,विद्यालय में अलग से रसोई शेड नहीं होने के कारण बरामदे में ही मध्याह्न भोजन तैयार किया जा रहा था। इसी दौरान रसोइया गैस सिलिंडर में रेगुलेटर लगाने का प्रयास कर रही थीं। तभी गैस का रिसाव होने लगा और अचानक सिलिंडर में आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं और स्थिति गंभीर हो गई।

शिक्षकों की सूझबूझ से सुरक्षित निकाले गए बच्चे

आग लगते ही विद्यालय में मौजूद शिक्षकों ने तत्परता दिखाई और सभी बच्चों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इस दौरान आग बुझाने का भी प्रयास किया गया। इसी क्रम में प्रधानाध्यापक सुनील कुमार आग की चपेट में आकर झुलस गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए सतगावां अस्पताल भेजा गया।

मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी

घटना की सूचना मिलते ही प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। बताया जा रहा है कि गैस सिलिंडर में लगी आग लगभग आधे घंटे से पौन घंटे तक जलती रही।

रसोई शेड नहीं होने से सुरक्षा पर उठे सवाल

इस घटना ने विद्यालय में मध्याह्न भोजन तैयार करने की व्यवस्था और बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अलग रसोई शेड नहीं होने के कारण बरामदे में भोजन बनाया जा रहा था,जहां बड़ी संख्या में बच्चों की मौजूदगी के बीच इस तरह की घटना हुई।

गनीमत रही कि समय रहते सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और कोई बड़ी अनहोनी नहीं हुई। घटना के बाद विद्यालयों में सुरक्षित रसोई व्यवस्था और गैस सिलिंडर के उचित रखरखाव की जरूरत एक बार फिर सामने आई है।

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें