Live

BREAKING NEWS

कोडरमा के सिंहपुर में रेलवे सिग्नल पोल से टकराई मारुति वैन, चालक घायल; रेल परिचालन प्रभावित

D
Deepak Kumarलेखक

नवलशाही के सिंहपुर के पास हुआ हादसा,सिग्नल पोल क्षतिग्रस्त होने से ट्रेनों के परिचालन पर पड़ा असर
कोडरमाः जिले के नवलशाही थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंहपुर के समीप गुरुवार सुबह एक मारुति वैन अनियंत्रित होकर रेलवे सिग्नल पोल से टकरा गई। हादसे में वैन चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के कारण रेलवे का सिग्नल पोल भी टूट गया, जिससे कोडरमा-मधुपुर रेलखंड पर रेल परिचालन प्रभावित हुआ है।

मिली जानकारी के अनुसार, मारुति वैन सिंहपुर की ओर से नवलशाही हॉल्ट की तरफ जा रही थी। इसी दौरान चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और वैन रेलवे पोल से जा टकराई। हादसे में घायल युवक की पहचान 23 वर्षीय अमित ठाकुर, पिता सिकंदर ठाकुर, ग्राम एवं थाना नवलशाही निवासी के रूप में हुई है।

घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को पुरनाडीह स्थित कुमार क्लिनिक पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। बताया जाता है कि उक्त मारुति वैन दुकानों में सामान पहुंचाने का काम करती थी।

सिग्नल पोल क्षतिग्रस्त,मरम्मत कार्य जारी
घटना की सूचना मिलने पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) भी सक्रिय हुआ। कोडरमा आरपीएफ प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि वाहन की टक्कर से रेलवे का सिग्नल पोल क्षतिग्रस्त हो गया है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को ट्रैक के किनारे से हटा दिया गया है और क्षतिग्रस्त सिग्नल पोल की मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है।

सिग्नल पोल क्षतिग्रस्त होने के कारण रेल परिचालन प्रभावित हुआ है। हालांकि, इस रेलखंड पर ट्रेनों की संख्या कम होने के कारण परिचालन पर अधिक असर पड़ने की संभावना नहीं है। बताया जा रहा है कि इस घटना से महेशमुंडा-कोडरमा पैसेंजर ट्रेन प्रभावित हो सकती है।

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें