Live

खड़ी ट्रक में लगी आग से मची अफरा तफरी

अगलगी की घटना में लाखों रुपये का कपड़ा जल कर नष्ट, फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर पाया काबू

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

हजारीबाग : इस वक्त की बड़ी खबर हजारीबाग से जहां बरही थाना क्षेत्र के रसोईया धमना स्थित राजू लाइन होटल के पास जीटी रोड़ किनारे खड़ी मालवाहक ट्रक में आज दोपहर अचानक आग लग गई. घटना की जानकारी मिलने पर दमकल कर्मी टीम के साथ पहुंच कर आग बुझाने में जुट गए. दमकल कर्मियों ने आसपास के युवाओं के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. दमकल कर्मियों एवं स्थानीय युवाओं की तत्परता से ट्रक खाक होने से बच गया.

हालांकि इस अगलगी की घटना में लाखों रुपये का रेडीमेड कपड़ा व गर्म कपड़ा जलकर नष्ट हो गया. बताया जाता है कि ट्रक लुधियाना से रांची जा रहा था. ट्रक में जब आग लगी उस वक्त ट्रक का चालक और खलासी राजू लाइन होटल में भोजन कर विश्राम कर रहे थे. तभी राहगीरों ने बताया कि ट्रक में आग लगी हुई है. ट्रक में आग कैसे लगी यह कहना मुश्किल है. उक्त ट्रक के ऊपर में रेडीमेड कपड़े व स्वेटर लदे थे और उसके नीचे में इंडस्ट्रीज में काम आने वाला सरफेस मेटल ट्रीटमेंट केमिकल से भरे बड़े ट्राम लदे हैं.

अनुमान लगाया जा रहा है कि शायद ट्रक में लदे केमिकल के कारण आग लगी है. मौके पर पुलिस पहुंच गई है और माल की सुरक्षा देते हुए छानबीन में जुट गई है.

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें