खाकी हुई दागदार!
दारोगा ने शादी का झांसा देकर किया रेप, जांच में खुलासा
रांची : CID ने लालपुर थाना में पदस्थापित रहे दारोगा शशांक कुमार पर लगे आरोप की जांच कर ली है. जांच में पाया गया है कि दारोगा ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म किया. दुष्कर्म के बाद उसने किसी दूसरी लड़की से शादी कर ली. बाद में दारोगा ने पीड़िता को समझाने और वापस लाने के बहाने एक होटल में बुलाया. होटल में आरोपी ने फिर एक बार पीड़िता का यौन शोषण किया.
जांच में दोषी पाये जाने के बाद सीआइडी मुख्यालय ने दारोगा को रांची जिला बल से हटाने की अनुशंसा की है. साथ ही उसे निलंबित करते हुए विभागीय कार्रवाई शुरु करने का निर्देश दिया है. निलंबन की अवधि के दौरान आरोपी दारोग को बुंडू डीएसपी के साथ टैग किया जायेगा.
गौरतलब है कि लालपुर थाना में पदस्थापित रहने के दौरान दारोगा शशांक कुमार से पीड़िता की बातचीत मोबाइल खो जाने से संबंधित केस को लेकर शुरु हुई . इसके बाद वह हमेशा उसे फोन करने लगा. फिर उसने शादी का प्रलोभन देकर कई बार उसका रेप किया. जब युवती गर्भवती हो गयी,तब शशांक ने युवती से लालपुर थाना परिसर स्थित मंदिर में शादी कर ली. बाद में उसने बहाना बनाकर युवती को अपने साथ नहीं रख कर वापस हॉस्टल छोड़ दिया और दूसरी लड़की से शादी कर ली. तब युवती ने दुष्कर्म के आरोप में शशांक के खिलाफ 8 दिसंबर 2022 को लालपुर थाना में केस दर्ज कराया. इस मामले में आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई.तब पीडित युवती ने आरोपी दारोगा द्वारा केस उठाने की धमकी देने से संबंधित मामले को लेकर सीआइडी मुख्यालय में शिकायत की थी.
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।