कटिहार के अमदाबाद में बाढ़ का कहर : डीएम ने नाव से किया प्रभावित इलाकों का निरीक्षण,ग्रामीणों की समस्याओं से भी हुए अवगत
कटिहार:जिलेमें बाढ़ की स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई है. कटिहार जिला भी बाढ़ की चपेट में है और प्रशासन हाई अलर्ट पर है. कटिहार के अमदाबाद प्रखंड के कई इलाकों में बाढ़ का पानी घरों में प्रवेश कर चुका है. बड़ी संख्या में लोग ऊंचे स्थानों पर शरण लेने को मजबूर हैं,जबकि कई परिवार घरों में ही मचान के सहारे जिंदगी गुजार रहे हैं.
पारदियारा सहित भवानीपुर खट्टी, दुर्गापुर, चौकिया पहाड़पुर, नगर पंचायत, दक्षिणी करीमुल्लापुर समेत कई पंचायतों के गांव चारों तरफ से पानी से घिरकर टापू में तब्दील हो चुके हैं. बाढ़ के कारण लोगों के सामने आवागमन के साथ-साथ खाने-पीने और रोजमर्रा की जरूरतों का संकट भी गहराने लगा है.

इसी बीच सोमवार को कटिहार के जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी अमदाबाद पहुंचे और नाव से बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया. डीएम ने सबसे पहले प्रखंड कार्यालय में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ बैठक की. बैठक में उन्होंने पूरे प्रखंड में बाढ़ की मौजूदा स्थिति, प्रभावित पंचायतों और ग्रामीणों की समस्याओं की जानकारी ली.
जनप्रतिनिधियों ने डीएम को बताया कि कई गांवों में बाढ़ का पानी लोगों के घरों में प्रवेश कर चुका है. लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के साथ ही राहत सामग्री की तत्काल जरूरत है. जनप्रतिनिधियों ने प्रभावित परिवारों तक सूखा राशन सहित अन्य जरूरी राहत सामग्री पहुंचाने और सरकार की ओर से मिलने वाली सहायता राशि जल्द लाभार्थियों के खातों में भेजने की मांग की.
बैठक के बाद जिला पदाधिकारी ने नाव से दुर्गापुर,भवानीपुर खट्टी,पारदियारा और चौकिया पहाड़पुर पंचायत के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण किया। उन्होंने जलमग्न गांवों, घरों में घुसे पानी और ग्रामीणों के आवागमन की स्थिति को करीब से देखा. इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी ग्रामीणों की समस्याओं और तत्काल जरूरतों से डीएम को अवगत कराया.
बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी लगातार जिले के विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों पर नजर बनाए हुए हैं. वे अलग-अलग इलाकों का जायजा लेकर प्रशासनिक स्तर पर राहत एवं बचाव कार्यों की स्थिति से भी अवगत हो रहे हैं. डीएम ने कहा कि बाढ़ जैसी आपदा की स्थिति में प्रशासन की ओर से प्रभावित लोगों तक हरसंभव मदद पहुंचाई जा रही है. जहां अतिरिक्त सहायता की जरूरत होगी, वहां भी आवश्यक मदद उपलब्ध कराई जाएगी.
इधर,ग्रामीणों का कहना है कि कई इलाकों में पानी लगातार बढ़ रहा है. ऐसे में समय रहते राहत सामग्री, भोजन और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं तो लोगों की परेशानी और बढ़ सकती है. ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन एवं बिहार सरकार से प्रभावित परिवारों तक जल्द से जल्द राहत पहुंचाने की मांग की है.
निरीक्षण के दौरान एसडीएम त्रिलोकी नाथ सिंह, बीडीओ रणवीर कुमार, लखनपुर पंचायत की मुखिया श्वेता रॉय, भवानीपुर खट्टी पंचायत के मुखिया तपन मंडल, नगर पंचायत के मुख्य पार्षद बबलू मंडल, प्रमुख प्रतिनिधि मोहम्मद अजहर, उप प्रमुख प्रतिनिधि माथुर मंडल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे.