Live

JHARKHAND CRIME

कथारा कोलियरी में कोयले का ढेर धंसने से तीन महिलाओं की मौत, चार गंभीर; रात 2 बजे स्टॉक यार्ड में क्या कर रहे थे ग्रामीण?

D
Deepak Kumarलेखक

बोकारो: सीसीएल के कथारा क्षेत्र स्थित कथारा कोलियरी में बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। कथित तौर पर कोयले का विशाल ढेर अचानक धंसने से तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच की बताई जा रही है। हादसे के बाद इलाके में शोक और मातम का माहौल है।

कोयले के ढेर में दबे सात लोग,तीन की मौत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्थानीय ग्रामीणों का एक समूह कथारा कोलियरी के स्टॉक यार्ड में मौजूद था। इसी दौरान अचानक कोयले का एक बड़ा ढेर धंस गया और वहां मौजूद सात लोग इसकी चपेट में आकर मलबे में दब गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद सभी सात लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया। इस हादसे में पुष्पा देवी (पति गल्लू यादव), कौशल्या देवी (पति विश्वनाथ) और हीरालाल की पत्नी की मौत होने की सूचना है। वहीं, चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल रेफर किए जाने की जानकारी मिली है।

रात के 2बजे स्टॉक यार्ड में क्यों मौजूद थे ग्रामीण?
इस दर्दनाक हादसे के बाद कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि सभी लोग घरेलू उपयोग और जलावन के लिए कोयला चुनने पहुंचे थे। लेकिन सवाल यह है कि आखिर रात के 2 से 2:30 बजे ग्रामीण कोलियरी के स्टॉक यार्ड में क्यों मौजूद थे? क्या वाकई ग्रामीण घरेलू उपयोग के लिए कोयला चुनने गए थे या इसके पीछे कोई दूसरी वजह थी? रात के अंधेरे में स्टॉक यार्ड तक उनकी पहुंच कैसे हुई? वहां सुरक्षा और निगरानी की क्या व्यवस्था थी? इन सवालों के जवाब सामने आना अभी बाकी है।

सीसीएल प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसे की चपेट में आए सातों लोग सीसीएल के कर्मचारी नहीं, बल्कि स्थानीय ग्रामीण बताए जा रहे हैं। ऐसे में कोलियरी के स्टॉक यार्ड में बाहरी लोगों की मौजूदगी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल घटना की वास्तविक परिस्थितियों, ग्रामीणों के वहां पहुंचने के उद्देश्य और हादसे के कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। अब देखना होगा कि इस मामले में सीसीएल प्रबंधन और संबंधित प्रशासन की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है और हादसे की जिम्मेदारी किसकी तय होती है।

बोकारो से संजीव कुमार की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें