कशिश न्यूज की खबर का असर : पूर्वी चंपारण में शिक्षकों से स्पष्टीकरण मांगने वाला पत्र रद्द
BIHAR NEWS:पूर्वी चंपारण में शिक्षकों के खिलाफ जारी किया गया स्पष्टीकरण पत्र आखिरकार रद्द कर दिया गया है. इस फैसले को कशिश न्यूज की खबर का बड़ा असर माना जा रहा है. मामला उन शिक्षकों से जुड़ा था जो हाल ही में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके थे. जिला स्तर पर इन शिक्षकों से अनुपस्थिति को लेकर स्पष्टीकरण मांगा गया था,जिसके बाद शिक्षा विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे थे.
प्रशिक्षण में शामिल नहीं होने पर शिक्षकों को जारी की गई थीकारण बताओ नोटिस
जानकारी के अनुसार,प्रशिक्षण में शामिल नहीं होने वाले शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई थी और उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था. हालांकि,इससे पहले ही एनसीईआरटी और संबंधित शैक्षणिक संस्थानों की ओर से स्पष्ट निर्देश दिए जा चुके थे, कि केवल प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहने के आधार पर शिक्षकों पर दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी. इसके बावजूद पूर्वी चंपारण में अधिकारियों द्वारा स्पष्टीकरण मांगने की कार्रवाई शुरू कर दी गई थी.
कशिश न्यूज ने प्रमुखता से दिखाई थी खबर
कशिश न्यूज ने इस पूरे मामले को प्रमुखता से उठाया और बताया कि किस तरह विभागीय निर्देशों के बावजूद शिक्षकों पर दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है. खबर सामने आने के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आया और पूरे मामले की समीक्षा की गई.
स्पष्टीकरण मांगने वाला पत्र रद्द
समीक्षा के बाद शिक्षकों से स्पष्टीकरण मांगने वाला पत्र रद्द कर दिया गया है. इससे शिक्षकों ने राहत की सांस ली है. शिक्षक संगठनों का भी कहना था कि जब उच्च स्तर से कार्रवाई पर रोक के निर्देश मौजूद हैं तो स्थानीय अधिकारियों को ऐसे कदम नहीं उठाने चाहिए थे.अब इस मामले ने विभागीय कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. चर्चा इस बात की है कि आखिर स्पष्ट निर्देशों के बावजूद कार्रवाई की प्रक्रिया क्यों शुरू की गई. फिलहाल पत्र रद्द होने के बाद विवाद थमने की उम्मीद है, लेकिन यह मामला शिक्षा विभाग के भीतर समन्वय और निर्देशों के पालन को लेकर कई सवाल छोड़ गया है.