Live

Jharkhand News

कांके रोड के दुर्गा पूजा पंडाल में सिंदूर खेला, सुहागिनों ने मां दुर्गा को नम आंखों से दी विदाई

D
Deepak Kumarलेखक

रांची: राजधानी रांची के कांके रोड स्थित श्री दुर्गा पूजा समिति, गोंदा टाउन के प्रांगण में मां दुर्गा की विदाई से पूर्व सिंदूर खेला की पारंपरिक रस्म श्रद्धा और उल्लास के साथ निभाई गई। इस अवसर पर सैकड़ों सुहागिन महिलाओं ने मां दुर्गा को सिंदूर अर्पित कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि और अपने सुहाग की दीर्घायु की कामना की।

सिंदूर खेला में उमड़ा महिलाओं का उत्साह

मां दुर्गा की विदाई से पहले आयोजित इस पारंपरिक अनुष्ठान में महिलाओं ने मां के चरणों में सिंदूर अर्पित किया। इसके बाद एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर अखंड सौभाग्य और परिवार की खुशहाली की कामना की।

पूजा परिसर में महिलाओं की बड़ी उपस्थिति से भक्तिमय माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा से अपने परिवार पर सुख, शांति और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की।

आस्था,प्रेम और सौभाग्य का प्रतीक है सिंदूर खेला

सिंदूर खेला की परंपरा मां दुर्गा की विदाई से जुड़ी एक महत्वपूर्ण धार्मिक रस्म है। इस अवसर पर महिलाएं मां को सिंदूर अर्पित कर उनके प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करती हैं और एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर आपसी प्रेम, सौहार्द और मंगलकामना का संदेश देती हैं।

इस आयोजन में आशा देवी, मधु, सीमा बेरा, संपा मीणा, सुनीता तिर्की, प्रियंका, रेणुका गोराई, नेहा, अनीता और रूबी सहित सैकड़ों महिलाओं ने भाग लिया।

अगले वर्ष फिर आने की कामना के साथ मां को विदाई

मां दुर्गा की विदाई के समय महिलाओं के चेहरे पर श्रद्धा के साथ भावुकता भी दिखाई दी। सुहागिन महिलाओं ने मां को सिंदूर अर्पित कर नम आंखों से विदाई दी और अगले वर्ष फिर से आगमन की प्रार्थना की।

कांके रोड स्थित गोंदा टाउन के दुर्गा पूजा पंडाल में आयोजित सिंदूर खेला ने धार्मिक आस्था, पारंपरिक संस्कृति और महिलाओं के आपसी स्नेह की सुंदर झलक प्रस्तुत की।

रांची से नैयर की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें