का हो... हमरा के ना पहचाने लू... : इतना कहकर अपराधियों ने मार दी गोली, डांसर और सिंगर घायल
भोजपुर : भोजपुर में इन दिनों अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ गया है कि किसी पर भी गोली चलाने से नहीं हिचकते हैं। अपराधियों के सिर से पुलिस का खौफ लगातार कम होता जा रहा है। ताजा मामला सामने आया है भोजपुर से जहां अपराधियों ने बर्थडे पार्टी से लौट रही डांसर और सिंगर को रोक कर पूछा कि का हो... हमरा के पहचाने लू... और बस इतना कहकर गोली मार दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फ़ैल गई।
मामला भोजपुर के संदेश थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है जहां सलेमपुर गांव में बर्थडे पार्टी का आयोजन किया गया। इस दौरान नाच गाने का भी प्रोग्राम रखा गया। इस दौरान गांव के ही कुछ लोग शराब के नशे में हाथ में हथियार लिए स्टेज पर चढ़कर डांस करने लगे। जिसका कुछ लोगो ने विरोध किया। हालांकि बात वही पर खत्म भी हो गई।
पार्टी ख़त्म होते ही डांसर और सिंगर भी वापस लौटने लगे तो इसी दौरान हथियारबंद बदमाशों ने उन्हें बीच रास्ते में घेर लिया और कहा कि तुम लोग हमें जानते नहीं हो। जब उन्होंने कहा कि नहीं मैं नहीं जानता तो इतना सुनते ही उन्होंने दोनों पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से दोनों घायल हो गए। जिसके बाद दोनों घायलों ने पार्टी आयोजकों को घटना की जानकारी दी। सूचना पर पहुंचे लोगों ने घायलों को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल ले आए। जहां से प्राथमिक उपचार करने के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया।
जानकारी मिल रही है कि डांसर उड़ीसा के भुवनेश्वर निवासी नीनू बेहरा है। जबकि गायक पटना जिले के धनरूआ थाना क्षेत्र के बहरामपुर गांव निवासी मुकेश यादव है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने बताया कि उक्त हथियारबंद बदमाशों ने गोली क्यों मारी? इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है बहरहाल पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है।
}