Live

BREAKING NEWS

झारखंड स्थापना दिवस पर रांची में होगा ‘रन फॉर क्लीनलीनेस’, 15 नवंबर को मोरहाबादी से अल्बर्ट एक्का चौक तक दौड़ेंगे लोग

D
Deepak Kumarलेखक

जिला प्रशासन की विशेष पहल,सुबह7बजे बापू वाटिका से होगी शुरुआत;स्वच्छ झारखंड-स्वस्थ झारखंड का संदेश देंगे युवा,छात्र और आम नागरिक
रांची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर राजधानी रांची में स्वच्छता को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिला प्रशासन रांची की ओर से 15 नवंबर, रविवार को ‘रन फॉर क्लीनलीनेस’ यानी विशेष स्वच्छता दौड़ का आयोजन किया जा रहा है। इस दौड़ के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने और राज्य को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाने का सामूहिक संदेश दिया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 7 बजे मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका से होगी। यहां से प्रतिभागी दौड़ लगाते हुए अल्बर्ट एक्का चौक तक पहुंचेंगे।

जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य झारखंड स्थापना दिवस को केवल उत्सव तक सीमित न रखते हुए इसे सामाजिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी से जोड़ना है। प्रशासन का मानना है कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। इसी सोच के साथ राज्य स्थापना दिवस पर विशेष स्वच्छता दौड़ आयोजित की जा रही है।

युवा से लेकर अधिकारी और आम नागरिक होंगे शामिल
‘रन फॉर क्लीनलीनेस’ में समाज के सभी वर्गों के लोगों को शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। इसमें युवा, छात्र-छात्राएं, परिवार, सरकारी अधिकारी, कर्मचारी और आम नागरिक हिस्सा ले सकते हैं। जिला प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस कार्यक्रम में शामिल होकर स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं। दौड़ के जरिए लोगों को अपने आसपास के वातावरण को साफ रखने और स्वच्छता को अपनी दैनिक आदतों में शामिल करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

सिर्फ दौड़ नहीं,स्वच्छता के प्रति सामूहिक संकल्प
जिला प्रशासन के अनुसार, यह आयोजन केवल एक शारीरिक गतिविधि नहीं है, बल्कि झारखंड की मिट्टी से जुड़ने, राज्य के प्रति प्रेम और जिम्मेदारी व्यक्त करने का माध्यम भी है। इसका उद्देश्य नागरिकों को स्वच्छता अभियान से जोड़ना और ‘स्वच्छ झारखंड-स्वस्थ झारखंड’ की भावना को मजबूत करना है। कार्यक्रम के जरिए यह संदेश देने की कोशिश की जाएगी कि राज्य को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है।

स्थापना दिवस पर स्वच्छता का संदेश देने की अपील
जिला प्रशासन ने रांचीवासियों से इस विशेष आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। प्रशासन का संदेश है कि सभी लोग एक साथ दौड़ें और स्वच्छता के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाएं। झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित यह विशेष दौड़ राज्य के प्रति नागरिकों के जुड़ाव और सामाजिक जिम्मेदारी को प्रदर्शित करने का एक माध्यम बनेगी। अब 15 नवंबर की सुबह मोरहाबादी में होने वाले इस आयोजन में लोगों की भागीदारी पर नजर रहेगी।

रांची से संदीप यादव की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें