JHARKHAND NEWS
बाबा बैद्यनाथ मंदिर के पास दुकानदारों को धमकाने वाले तीन अपराधी गिरफ्तार, जमशेदपुर से भी जुड़े थे तार
देवघर के शिवगंगा क्षेत्र में अवैध हथियार के बल पर दुकानदारों और व्यवसायियों से रंगदारी मांगने, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौरव झा, निहाल मिश्रा और विक्रम कुमार चौरसिया के रूप में हुई है।पुलिस के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से इन आरोपियों द्वारा बाबा मंदिर के पास शिवगंगा क्षेत्र में दुकानदारों और व्यवसायियों को हथियार का भय दिखाकर रंगदारी मांगने और रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने की शिकायतें मिल रही थीं।
आरोपियों पर घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और डीवीआर को जबरन अपने साथ ले जाने का भी आरोप है।मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ सदर देवघर के नेतृत्व में तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र में छिपे हैं। वहां स्थानीय पुलिस के सहयोग से छापेमारी कर गौरव झा और निहाल मिश्रा को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर श्मशान घाट की झाड़ियों से एक देसी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। वहीं, एक अन्य टीम ने आरोपी विक्रम कुमार चौरसिया को उसके घर से गिरफ्तार किया और उसके घर से सीसीटीवी कैमरा एवं डीवीआर बरामद किया।पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी संगठित आपराधिक गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं। गौरव झा के खिलाफ पूर्व में भी कुंडा थाना में मामला दर्ज है, जिसमें उसे आजीवन कारावास की सजा हो चुकी है
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।