JHARKHAND NEWS
झारखंड में उद्योगों के सामने बड़ी चुनौती: दुमका में कोल ब्लॉक विरोध की आड़ में हिंसा, जीएम से बर्बरता और पुलिस टीम पर हमला
खनिज संपदा से भरपूर झारखंड में उद्योग लगाना आज भी एक बड़ी चुनौती बना हुआ है। ज़मीन और विस्थापन के विरोध की आग एक बार फिर भड़क उठी है, और इस बार मामला दुमका जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र से सामने आया है। यहाँ प्रस्तावित कोल ब्लॉक के सर्वे का विरोध इतना हिंसक हो गया कि पुलिस और कंपनी के अधिकारियों को अपनी जान बचाना मुश्किल हो गया।पूरा मामला शिकारीपाड़ा के बादलपाड़ा कल्याणपुर का है। यह कोल ब्लॉक हरियाणा पावर जेनरेशन कॉरपोरेशन लिमिटेड यानी HPGCL को आवंटित है। रविवार देर रात जब पुलिस सुरक्षा के बीच इलाके में सर्वे और डीप बोरिंग की प्रक्रिया शुरू हुई, तो ग्रामीण भड़क उठे। देखते ही देखते विरोध ने हिंसक रूप ले लिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस बल पर पत्थर और लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। इस हमले में करीब 12 पुलिस जवान घायल हो गए हैं।
हिंसा का सबसे भयावह चेहरा तब सामने आया,जब ग्रामीणों ने डीप बोरिंग का काम कर रही कंपनी 'सिनर्जी जियो टेक' के जीएम सागर सिंह मीणा को बंधक बना लिया। आरोप है कि ग्रामीणों ने उन्हें रात भर अपने कब्जे में रखा और उनके साथ बेरहमी से मारपीट की। उनके कपड़े फाड़ दिए गए और उन्हें तालाब में डुबोया गया। सुबह जब उनकी हालत बिगड़ गई,तो बेहोशी की हालत में उन्हें उन्हीं की गाड़ी में डालकर छोड़ दिया गया।
इस घटना के बाद से सागर सिंह मीणा के निजी चालक अखिलेश कुमार पाल अभी भी लापता हैं,जिनकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
सवाल यह है कि जब विकास परियोजनाओं का विरोध इस कदर हिंसक हो जाएगा, तो झारखंड में निवेश और रोजगार के दरवाजे कैसे खुलेंगे?
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।