Live

JHARKHAND NEWS

बोकारो में बड़ी चोरी, सेक्टर-12 के आवास से 17 लाख के जेवरात ले उड़े चोर

S
Srishtyलेखक

बोकारो में चोरों ने एक बार फिर बंद आवास को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया है। सेक्टर-12C स्थित आवास संख्या 3073 का ताला और कुंडी काटकर चोर करीब 17 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और 10 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना के वक्त पूरा परिवार धनबाद के राजगंज में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। देर रात घर लौटने पर परिवार के लोगों को चोरी की जानकारी मिली। सूचना के बाद सेक्टर-12 पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है।

यहां रहने वाले राजेंद्र दास बीएसएल के सीसीएस विभाग में कार्यरत हैं। बताया जा रहा है कि परिवार के सभी सदस्य मौसी के बेटे की शादी में शामिल होने राजगंज गए हुए थे। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने घर के मुख्य दरवाजे की कुंडी काट दी और अंदर प्रवेश कर गए। इसके बाद घर में रखे अलमारी और सामान को खंगालते हुए करीब 15 लाख रुपये के सोने के आभूषण, तीन लाख रुपये के चांदी के जेवरात और बर्तन के अलावा 10 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।

गृहस्वामिनी आरती कुमारी ने बताया कि शादी समारोह से वापस लौटने पर घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाने पर घर का सामान बिखरा पड़ा मिला और आभूषण गायब थे। इसके बाद उन्होंने तत्काल सेक्टर-12 पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर चोरों का सुराग लगाने में जुटी है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई थी। गृहस्वामी को थाना बुलाया गया है।

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें