Live

JHARKHAND NEWS

चोरी का मोबाइल नेपाल में बेचते थे शातिर अपराधी, पुलिस ने अंतर राष्ट्रीय चोर गिरोह को किया पर्दाफाश

S
Srishtyलेखक

चाईबासा के चक्रधरपुर में स्थित रश्मि इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में हुए सनसनीखेज मोबाइल चोरी मामले का पुलिस ने आखिरकार सफल उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने इस बड़ी वारदात में शामिल 3 अपराधियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से चोरी गए 21 महंगे मोबाइल फोन भी बरामद कर लिए हैं। इस खुलासे के साथ ही पुलिस प्रशासन और स्थानीय व्यापारियों ने बड़ी राहत की सांस ली है। बीते 5 अक्टूबर 2026 की रात, अज्ञात चोरों ने चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के रेशमी इलेक्ट्रॉनिक्स का शटर उठाकर विभिन्न कंपनियों के कुल 52 महंगे मोबाइल फोन चोरी कर लिए थे। इस संबंध में चक्रधरपुर थाना कांड संख्या 111/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया था। खास बात यह है कि पिछले दो महीनों के भीतर इस दुकान में लगातार दो बार बड़े पैमाने पर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था, जिससे जिला पुलिस के लिए यह एक बड़ी चुनौती और सिरदर्द बन गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार, चक्रधरपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सह सहायक पुलिस अधीक्षक डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी और चक्रधरपुर थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया था। इतना ही नहीं, वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाने के लिए सीआईडी (CID) से फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया था।

तकनीकी सर्विलांस और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने इस पूरी वारदात में कुल 5 अपराधियों की संलिप्तता का खुलासा किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इनमें से तीन आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है:

  1. नितेश पटेल, पिता - रामबिलास राउत, निवासी - घोड़ासहन, जिला - मोतिहारी, बिहार।

  2. जितेन्द्र साह उर्फ चोना, पिता - शंकर साह, निवासी - आश्रम रोड, रक्सौल, पूर्वी चंपारण, बिहार।

  3. गोविन्द चौधरी, पिता - स्व. मिश्रीलाल चौधरी, निवासी - धरम्पट्टी, सुपौल, बिहार।

पुलिस के अनुसार, इन सभी गिरफ्तार अपराधियों का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है। वहीं, इस कांड में शामिल अन्य दो आरोपी—मोतिहारी के रहने वाले शेराज और संजय सहनी की गिरफ्तारी तथा बाकी बचे मोबाइलों की बरामदगी के लिए पुलिस की छापेमारी अभी भी लगातार जारी है।इस सफल उद्भेदन में प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक अमित कुमार, थाना प्रभारी अवधेश कुमार, पु.अ.नि. रमेश गिरि, रंजीत उरांव, सुनील कुमार पाण्डेय और राज किशोर तिवारी की टीम ने अहम भूमिका निभाई है।

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें