JHARKHAND NEWS
रांची कॉलेज के पास मिला युवक का शव, गर्दन पर धारदार हथियार के निशान; प्रेमिका पर हत्या का शक
राजधानी रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। योगदा सत्संग कॉलेज के सामने एक झोपड़ी से 28 वर्षीय युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है. मृतक की गर्दन रेती हुई थी और शरीर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। परिवार ने हत्या की आशंका जताते हुए एक महिला पर गंभीर आरोप लगाए हैं।मृतक की पहचान गुमला जिले के सिसई थाना क्षेत्र के नागफेनी गांव निवासी 28 वर्षीय पवन सिंह के रूप में हुई है। पवन धुर्वा में योगदा सत्संग कॉलेज के सामने एक झोपड़ी में किराए पर रहता था।जानकारी के मुताबिक, पवन का मोबाइल फोन 14 अक्टूबर से ही बंद आ रहा था। इसके बाद, शुक्रवार 16 अक्टूबर की सुबह करीब नौ बजे उसके चचेरे भाई ने फोन पर सूचना दी कि झोपड़ी में एक युवक का शव मिला है। यह खबर मिलते ही मृतक की बहन प्रीति कुमारी अपने पड़ोसी मनीष कुमार के साथ सुबह करीब 11 बजे रिम्स पहुंची, जहां उन्होंने शव की पहचान अपने भाई पवन के रूप में की।
बहन प्रीति का कहना है कि पवन के चेहरे पर सूजन थी और उसकी गर्दन पर धारदार हथियार से काटे जाने के स्पष्ट निशान थे। इसके अलावा, उसके गुप्तांग पर भी गंभीर चोटें थीं, जिससे यह साफ है कि हत्या बेहद बेरहमी से की गई है।इस खौफनाक वारदात के पीछे एक प्रेम प्रसंग और जबरन दबाव का मामला सामने आ रहा है। मृतक की बहन प्रीति ने पुलिस को दिए आवेदन में सीमा देवी और उसके अन्य साथियों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।प्रीति के अनुसार, सीमा देवी पहले से शादीशुदा है और वह पवन पर जबरन अपने साथ रहने का दबाव बनाती थी। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की जाती थी। प्रीति ने यह भी दावा किया कि 8 अक्टूबर को उसने पवन को सीमा के साथ जगन्नाथपुर में देखा था। आरोप है कि सीमा अन्य लड़कों से भी बातचीत करती थी, जिसका पवन विरोध करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।
परिवार का मानना है कि हत्या एक या दो दिन पहले की गई होगी, और वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए हैं। बहन ने सीमा का मोबाइल नंबर भी पुलिस को सौंपते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल, पुलिस के सामने यह गुत्थी सुलझाने की बड़ी चुनौती है कि पवन की हत्या कब और किन परिस्थितियों में हुई। शव मिलने की जगह, मोबाइल का बंद होना और शरीर पर मिले जख्म पुलिस की जांच के अहम बिंदु हैं।
पुलिस मृतक के कॉल डिटेल्स, आपसी विवाद और अन्य संपर्कों की गहनता से पड़ताल कर रही है। हालांकि, किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह और इस क्रूर हत्याकांड में शामिल असली चेहरों का खुलासा हो सकेगा।धुर्वा थाना पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।