Live

JHARKHAND NEWS

चतरा-हजारीबाग मुख्य सड़क पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 20.98 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिद्धौर में धराया लोवागड्डा का युवक

S
Srishtyलेखक

चतरा पुलिस ने अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 20.98 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई गिद्धौर थाना क्षेत्र के चतरा-हजारीबाग मुख्य मार्ग स्थित सलीमपुर मोड़ के पास की गई हैं। गिरफ्तार युवक की पहचान सदर थाना क्षेत्र के लोवागड़ा गांव निवासी निराला कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से काले रंग की अपाची मोटरसाइकिल, iPhone, चांदी की चेन और नकदी भी जप्त किया है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के बाद प्राथमिकी दर्ज करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया हैं। एसपी अनिमेष नैथानी नें बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर सलीमपुर मोड़ के समीप सघन एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान चतरा की ओर से आ रहे अपाची सवार युवक ने पुलिस बल को देखकर भागने का प्रयास किया था। लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पेक्सा गांव जाने वाली ग्रामीण सड़क पर उसे खदेड़कर पकड़ लिया। जिसके बाद तलाशी के दौरान उसके पास से 20.98 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर जप्त किया गया हैं।

WhatsApp चैट का प्रिंट आउट जब्त

एसपी ने समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि आरोपी के iPhone के WhatsApp अकाउंट की जांच के दौरान ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री से संबंधित चैट मिला है। पुलिस ने संबंधित चैट का प्रिंट आउट भी साक्ष्य के रूप में जब्त किया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।

नशे के सौदागरों को नहीं बख्शेगी पुलिस : एसपी

एसपी ने कहा कि जिले में अवैध नशा कारोबारियों के खिलाफ चतरा पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले नशे के सौदागरों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। लगातार सभी थाना क्षेत्रों में अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अवैध धंधे में संलिप्त लोग या तो सुधर जाएं, अन्यथा जेल जाने के लिए तैयार रहें।

विशेष टीम ने की कार्रवाई

एसपी ने बताया कि एसपी के निर्देश पर अंचलाधिकारी गिद्धौर अनंत शयनम विश्वकर्मा और पुलिस निरीक्षक, सदर बिरेन्द्र हांसदा के संयुक्त नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था। टीम में गिद्धौर थाना प्रभारी पुरुषोत्तम अग्निहोत्री सहित रिजर्व गार्ड के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। उन्होंने बताया कि पुलिस अब बरामद डिजिटल साक्ष्यों और आरोपी से पूछताछ के आधार पर नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी खंगालने में जुटी है। प्रेस कांन्फ्रेंस में डीएसपी मुख्यालय सुनील कुमार सिंह व एसडीपीओ सदर सन्नी वर्धन समेत अधिकारी व अभियान में शामिल जवान उपस्थित थे।

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें