JHARKHAND NEWS
पारा शिक्षकों की तीसरी आकलन परीक्षा का शेड्यूल जारी, 25 सितंबर से भरें फॉर्म और पाएं मानदेय में 10% लाभ
झारखंड के पारा शिक्षकों यानी सहायक अध्यापकों के लिए यह खबर महत्वपूर्ण है। अपने मानदेय में बढ़ोतरी का सपना देख रहे शिक्षकों के पास अब एक और सुनहरा मौका आ गया है। झारखंड एकेडमिक काउंसिल यानी जैक (JAC) ने तीसरी आकलन परीक्षा की पूरी प्रक्रिया शुरू कर दी है।सहायक अध्यापक सेवा शर्त नियमावली, 2022 के तहत पारा शिक्षकों को यह परीक्षा पास करने के लिए कुल 4 अवसर मिलने हैं, जिसमें से दो परीक्षाएं पहले ही आयोजित की जा चुकी हैं और अब तीसरी परीक्षा का रास्ता साफ हो गया है.जैक द्वारा जारी किए गए आधिकारिक निर्देश के अनुसार, योग्य शिक्षक 25 सितंबर से 15 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं।आवेदन करने के लिए आपको झारखंड एकेडमिक काउंसिल की ऑफिशियल वेबसाइट www.jac.jharkhand.gov.in पर जाना होगा।
बात करें परीक्षा शुल्क की, तो अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और दिव्यांग श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 500 रुपये तय किया गया है। वहीं, अन्य सभी श्रेणियों के अभ्यर्थियों को 750 रुपये शुल्क देना होगा।जैसे ही आप इस परीक्षा को सफलतापूर्वक पास कर लेंगे, आपके मानदेय में सीधे 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर दी जाएगी। जैक की तरफ से एडमिट कार्ड डाउनलोड करने की और मुख्य परीक्षा की तारीखों का ऐलान जल्द ही अलग से किया जाएगा।झारखंड में अब तक कुल दो आकलन परीक्षाएं हो चुकी हैं, जिसमें कुल 52,172 परीक्षार्थी शामिल हुए और कुल 36,677 शिक्षक सफल रहे हैं।पहली आकलन परीक्षा 30 जुलाई 2023 को हुई थी, जिसमें कक्षा 1 से 5 और कक्षा 6 से 8 के पारा शिक्षक बैठे थे। उस पहली परीक्षा में कुल 41,453 शिक्षक शामिल हुए थे, जिसमें से 30,953 शिक्षकों ने बाजी मारी थी।
इसके बाद, जनवरी 2025 में दूसरी आकलन परीक्षा का आयोजन किया गया। इस दूसरी परीक्षा में प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर को मिलाकर कुल 10,719 शिक्षक शामिल हुए, जिसमें 5,724 शिक्षकों ने सफलता हासिल की। इस दौरान प्राथमिक स्तर पर सफलता का प्रतिशत करीब 52% और कक्षा 6 से 8 के लिए करीब 64% दर्ज किया गया था।अधिकारियों का यह भी कहना है कि कुल सफलताओं का यह आंकड़ा अलग-अलग शिक्षकों की संख्या से थोड़ा अलग हो सकता है, क्योंकि नियमावली के मुताबिक पहले असफल रहे शिक्षक अगले मौकों पर दोबारा परीक्षा दे सकते हैं।यदि आप भी झारखंड के पारा शिक्षक हैं और अपने मानदेय में 10% की बढ़ोतरी पाना चाहते हैं, तो 25 सितंबर से शुरू होने वाली इस ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया का हिस्सा जरूर बनें और अंतिम तिथि यानी 15 अक्टूबर से पहले अपना फॉर्म सबमिट कर दें।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।