JHARKHAND NEWS
घाघरा नशे के कारोबार पर घाघरा पुलिस का करारा प्रहार 2.6 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ युवक गिरफ्तार, बाइक भी जब्त
नशे के सौदागरों के खिलाफ घाघरा पुलिस ने एक बड़ा प्रहार किया है। गुमला से ब्राउन शुगर लेकर आ रहे एक युवक को पुलिस ने टोटाम्बी के पास दबोच लिया है। मौके से 2.6 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई है और तस्करी में इस्तेमाल हो रही बाइक भी जब्त कर ली गई है। थाना प्रभारी मोहन कुमार सिंह ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। जिले में नशे के नेटवर्क को तोड़ने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी कड़ी में घाघरा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान घाघरा निवासी विष्णु साहू के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से 2.6 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया। इसके साथ ही पुलिस ने उसके कब्जे से एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है, जिसका इस्तेमाल वह आने-जाने के लिए कर रहा था.
पूरी कार्रवाई के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए घाघरा के थाना प्रभारी मोहन कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को पुख्ता और गुप्त सूचना मिली थी कि विष्णु साहू गुमला की ओर से ब्राउन शुगर लेकर मोटरसाइकिल के ज़रिए घाघरा आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने बिना देर किए इसका सत्यापन किया और रणनीति बनाई। इसके तहत टोटाम्बी के समीप विशेष वाहन जांच अभियान शुरू किया गया। इसी चेकिंग के दौरान जब संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा, तो पुलिस टीम ने उसे रोक लिया। जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके पास से 2.6 ग्राम ब्राउन शुगर मिला.ब्राउन शुगर बरामद होते ही पुलिस ने आरोपी विष्णु साहू को तत्काल गिरफ्तार कर लिया और उसकी मोटरसाइकिल को जब्त कर थाने ले आई। पुलिस ने मामले में सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कीं और शुक्रवार को आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। इस कार्रवाई के बाद थाना प्रभारी मोहन कुमार सिंह ने एक कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की नज़र लगातार संदिग्ध गतिविधियों पर बनी हुई है और आगे भी ऐसी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। नशे के खिलाफ पुलिस की इस मुहिम पर हमारी नज़र बनी रहेगी।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।