JHARKHAND NEWS
पीरटांड़ में दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को दी गई श्रद्धांजलि, मंत्री चमरा लिंडा और फागू बेसरा हुए शामिल
गिरिडीह :दिवंगत मंत्री एवं गिरिडीह सदर विधायक सुदिव्य कुमार सोनू की स्मृति में जिले के पीरटांड़ के सिद्धो-कान्हू मध्य विद्यालय परिसर में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई.सभा में मंत्री चमरा लिंडा, दर्जा प्राप्त मंत्री फागू बेसरा, पूर्व मंत्री बेबी देवी, पूर्व विधायक केदार हाजरा और झारखंड आंदोलनकारी हीरालाल महतो समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए.
कार्यक्रम की शुरुआत सुदिव्य कुमार सोनू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने से हुई. वक्ताओं ने उनके राजनीतिक जीवन, जनसेवा और क्षेत्र के विकास में योगदान को याद किया. सभी ने उनके निधन को पार्टी, सरकार और जनता के लिए अपूरणीय क्षति बताया. मंत्री चमरा लिंडा ने कहा कि उनके अधूरे कार्यों को पूरा करना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी. वहीं पूर्व मंत्री बेबी देवी ने दिवंगत नेता को याद करते हुए भावुक हो गईं और मंच पर ही उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े. हीरालाल महतो भी भावुक नजर आए. अंत में एक मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की गई.