Live

JHARKHAND NEWS

कोडरमा के बेकरी में चोरों का धावा, जनरेटर का इंजन लेकर फरार हुआ चोर

S
Srishtyलेखक

झारखंड के कोडरमा जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जिला के तिलैया थाना क्षेत्र के बिशुनपुर रोड स्थित 'रॉयल बेकरी' में चोरों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए लाखों के सामान पर हाथ साफ करने की कोशिश की। हालांकि, सूझबूझ और सतर्कता के कारण एक बड़ा नुकसान टल गया, लेकिन चोरों ने बेकरी के मुख्य उपकरण को चुराकर बड़ा झटका जरूर दिया है। घटना 4 अक्टूबर की रात की है। मिली जानकारी के मुताबिक, रात के वक्त चोरों ने बेकरी परिसर में घुसकर जनरेटर चोरी करने का प्रयास किया।अचानक हुई खटपट की आवाज सुनकर बेकरी संचालक अर्जुन महतो की नींद खुल गई। जब वे बाहर निकले, तो स्कूटी पर सवार चार संदिग्ध युवक मौके से फरार हो गए। जब संचालक ने आसपास छानबीन की, तो उनके होश उड़ गए। चोर पूरा जनरेटर तो नहीं ले जा सके, लेकिन वे जनरेटर का मुख्य इंजन वाला हिस्सा खोलकर अपने साथ ले उड़े। चोरी हुए इस इंजन की कीमत बाजार में करीब 80 से 90 हजार रुपये बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही तिलैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बारीकी से जांच-पड़ताल शुरू की। राहत की बात यह है कि मोहल्ले में लगे सीसीटीवी कैमरे में चार संदिग्ध युवक कैद हो गए हैं। पुलिस अब इसी सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।"इस चोरी के कारण बेकरी का काम पूरी तरह से ठप पड़ गया है। जनरेटर का महत्वपूर्ण हिस्सा चोरी होने से उत्पादन पूरी तरह रुका हुआ है, जिससे संचालक अर्जुन महतो को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। बेकरी बंद रहने से अंदर रखे कच्चे और तैयार माल के भी खराब होने की आशंका काफी बढ़ गई है। अब देखना यह होगा कि पुलिस सीसीटीवी के सहारे इन शातिर चोरों तक कब तक पहुंच पाती है।


इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें