Live

JHARKHAND NEWS

झारखंड में अगले 4 दिन कोहरे का अलर्ट, रांची में 350 मीटर तक गिरी विजिबिलिटी00s

S
Srishtyलेखक

झारखंड के मौसम में इन दिनों बदलाव का दौर दिख रहा है। अगले चार दिनों तक राज्य में सुबह के वक्त कोहरे का असर देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार, 23 से 26 नवंबर तक रांची समेत कई हिस्सों में सुबह हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा रह सकता है। इससे सुबह-सुबह सड़क पर निकलने वालों और हवाई यात्रियों को सतर्क रहने की ज़रूरत है, हालांकि दिन चढ़ने के साथ धूप निकलने और आसमान साफ होने की उम्मीद है। सुबह के समय कम विजिबिलिटी लोगों की रफ़्तार धीमी कर सकती है। रांची में शनिवार रात से ही कम दृश्यता का असर दिखा था। रात साढ़े दस बजे विजिबिलिटी घटकर महज़ 350 मीटर रह गई थी। रविवार तड़के ढाई बजे यह 600 मीटर दर्ज की गई। सुबह साढ़े पाँच बजे दृश्यता बढ़कर 700 मीटर हुई, लेकिन छह बजे फिर घटकर 600 मीटर पर आ गई। राहत की बात यह रही कि सुबह साढ़े आठ बजे तक इसमें सुधार हुआ और विजिबिलिटी 1,200 मीटर तक पहुँच गई। गनीमत रही कि रविवार को उड़ानों के बाधित होने की कोई सूचना नहीं मिली।

रांची मौसम विज्ञान केंद्र ने रविवार को आमतौर पर बादल छाए रहने का अनुमान जताया था, साथ ही दक्षिणी झारखंड के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ वज्रपात की संभावना भी जताई गई थी। आगे की बात करें, तो 24 से 26 नवंबर तक सुबह हल्के से मध्यम कोहरे के बाद आसमान मुख्य रूप से साफ रहने और मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है। रांची मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक और प्रमुख बाबूराज पीपी के मुताबिक, उत्तर छत्तीसगढ़ और आसपास के इलाकों में बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और उससे सटे क्षेत्रों की ओर खिसक गया है। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है। इसके अलावा, पूर्वी मध्य प्रदेश से झारखंड, बिहार, उत्तर गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश होते हुए मणिपुर तक एक ट्रफ लाइन भी बनी हुई है। इन्हीं मौसमी गतिविधियों का असर झारखंड के मौसम पर पड़ रहा है।

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें