JHARKHAND NEWS : केरेडारी में सर्पदंश से 6 वर्षीय बच्चे की मौत, अस्पताल घेराव के बीच सिविल सर्जन ने कहा- इलाज में नहीं हुई लापरवाही
पेटो पंचायत के चट्टी पेटो में 15 अगस्त की देर रात जहरीले सांप के डंसने से छह वर्षीय राजन कुमार की मौत हो गई। बच्चे की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने केरेडारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए अस्पताल परिसर का घेराव कर विरोध जताया।परिजनों का आरोप था कि बच्चे को रात में अस्पताल लाने के बाद डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी उपलब्ध नहीं थे तथा समय पर एंटी-वेनम नहीं दिया गया। इसके बाद बच्चे को हजारीबाग मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।वहीं, सिविल सर्जन अशोक कुमार ने इलाज में लापरवाही के आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए टीम गठित की गई थी, जिसने केरेडारी सीएचसी जाकर जांच की। जांच के दौरान अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज में बच्चे का इलाज किए जाने की पुष्टि हुई है।
सिविल सर्जन के अनुसार, बच्चे को रात 1:45 बजे केरेडारी सीएचसी लाया गया था। इसके बाद डॉक्टर ने 1:54 बजे सलाइन और एंटी-वेनम दिया। बेहतर इलाज के लिए बच्चे को 2:34 बजे एंबुलेंस से हजारीबाग मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया।सिविल सर्जन ने कहा कि उपलब्ध रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज के अनुसार बच्चे के इलाज में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती गई। वहीं, बच्चे की मौत के बाद ग्रामीणों में आक्रोश बना हुआ है और वे क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को और बेहतर करने की मांग कर रहे हैं।