JHARKHAND NEWS
चुनाव आयोग के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन: काले कपड़ों में डीसी ऑफिस पहुंचे बन्ना गुप्ता और कांग्रेसी
जमशेदपुर के साकची आमबागान मैदान से आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं का हुजूम सड़कों पर उतरा। पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह और जिला पार्षद परितोष सिंह समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता काले कपड़े पहनकर इस मार्च में शामिल हुए।हाथों में तख्तियां और बैनर लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आमबागान से उपायुक्त कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला। इस दौरान केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। डीसी ऑफिस के बाहर प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने राष्ट्रपति और राज्यपाल के नाम एक मांग पत्र प्रशासन को सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने चुनाव आयोग पर सीधा हमला बोला। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त को बर्खास्त करने की मांग करते हुए कहा कि आयोग लोकतांत्रिक व्यवस्था के साथ न्याय नहीं कर रहा है।
वहीं, जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने एक स्वतंत्र संवैधानिक संस्था को 'जेबी संस्था' में बदल दिया है। कार्यकारी जिला अध्यक्ष अवधेश कुमार सिंह ने कहा कि SIR के नाम पर आम जनता को बेवजह परेशान किया जा रहा है और मतदाता सूची से वैध वोटरों के नाम काटे जा रहे हैं।कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि मतदाता अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए उनका यह आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। देखना यह होगा कि इस विरोध प्रदर्शन के बाद चुनाव आयोग या जिला प्रशासन की ओर से क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।